नई दिल्ली: प्यार, वफादारी और शादी – यह तीनों शब्द किसी भी रिश्ते की नींव होते हैं, लेकिन जब इन्हीं रिश्तों में झूठ, धोखा और लालच घुल जाए, तो अंजाम खौफनाक हो सकता है। हाल ही में देश के तीन अलग-अलग शहरों – मेरठ, औरैया और बेंगलुरु में तीन हत्याएं सामने आई हैं, जिनमें एक खौफनाक समानता है। तीनों हत्याएं लव मैरिज के बाद हुईं, तीनों में पत्नियों ने अपने प्रेमियों या परिवार की मदद से अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। ये घटनाएं न केवल समाज को झकझोर रही हैं बल्कि रिश्तों की सच्चाई पर भी गंभीर सवाल उठा रही हैं।
मेरठ: मर्चेंट नेवी ऑफिसर की निर्मम हत्या
मेरठ में 29 वर्षीय सौरभ राजपूत, जो मर्चेंट नेवी में काम कर चुके थे, को उनकी पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया। सौरभ अमेरिका में एक बेकरी में काम करते थे और अपनी 6 साल की बेटी के जन्मदिन के लिए भारत आए थे। मुस्कान का अफेयर बचपन के दोस्त साहिल से था और वह ड्रग्स की आदी भी हो चुकी थी।
4 मार्च की रात, मुस्कान ने सौरभ के खाने में नींद की दवा मिला दी और बेहोश होने के बाद साहिल के साथ मिलकर उसकी चाकू से हत्या कर दी। हत्या के बाद, शव के टुकड़े कर उन्हें एक ड्रम में भरकर सीमेंट डाल दिया ताकि कोई सुबूत न बचे। हत्या के बाद दोनों हिल स्टेशन घूमने चले गए, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
औरैया: शादी के 15 दिन बाद पत्नी ने करवाई हत्या
औरैया में प्रगति नाम की महिला ने अपने प्रेमी अनुराग के साथ मिलकर अपने पति दिलीप कुमार की हत्या करवा दी। यह शादी 5 मार्च 2025 को धूमधाम से हुई थी, लेकिन प्रगति किसी और से प्यार करती थी और इस शादी के लिए राजी नहीं थी।
प्रगति ने 2 लाख रुपये की सुपारी देकर अपने पति की हत्या करवाई, जिसमें 1 लाख रुपये उसकी ‘मुंह दिखाई’ के थे। उसका प्रेमी अनुराग पहले से इस साजिश में शामिल था। प्रगति का सोचना था कि दिलीप के मरने के बाद उसे उसकी संपत्ति मिल जाएगी और वह अनुराग के साथ खुशी से रह सकेगी। पुलिस ने प्रगति, अनुराग और एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है।
बेंगलुरु: पति की घिनौनी हरकतों से तंग आकर हत्या
बेंगलुरु में 19 साल की यशस्विनी ने अपने 37 वर्षीय पति लोकनाथ सिंह की हत्या कर दी। दोनों ने तीन साल रिलेशनशिप में रहने के बाद घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी, लेकिन शादी के बाद लोकनाथ का व्यवहार बदल गया।
लोकनाथ ने न केवल यशस्विनी पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी, बल्कि उसने यह तक कहा कि वह उसकी मां को भी अपने साथ संबंध बनाने के लिए कहे। इस घिनौनी मांग से दहशत में आई यशस्विनी ने अपनी मां के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 22 मार्च को दोनों ने मिलकर लोकनाथ की हत्या कर दी और उसका शव एक निर्माणाधीन इमारत में फेंक दिया। पुलिस ने मां-बेटी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
समाज के लिए चेतावनी
ये तीनों हत्याकांड यह दिखाते हैं कि जब रिश्तों में धोखा, लालच और जबरदस्ती आ जाती है, तो प्यार का अंजाम मौत हो सकता है। ये घटनाएं हमें सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या शादी महज एक समझौता बनती जा रही है? क्या रिश्तों में भरोसे की जगह लालच ने ले ली है? इन घटनाओं ने समाज में एक नई बहस छेड़ दी है – क्या प्यार अब भरोसे का नहीं, बल्कि धोखे और अपराध का खेल बन गया है?




