नई दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2025-26 का बजट मंगलवार को विधानसभा में पेश कर रही। खास बात यह है कि इस बार का बजट पूरी तरह से डिजिटल यानी पेपरलेस रहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में सत्ता में आई नई सरकार का यह पहला बजट है, जिसे लेकर दिल्ली के लोगों की उम्मीदें काफी ज्यादा है।
बजट से पहले विधानसभा में गूंजे मोदी-मोदी के नारे
बजट सत्र की शुरुआत से पहले दिल्ली विधानसभा में हलचल तेज रही। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट पेश करने से ठीक पहले सदन में ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंजने लगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बजट भाषण की शुरुआत करते हुए पूर्व सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले शासन में दिल्ली की अर्थव्यवस्था को दीमक की तरह खोखला कर दिया गया था और उनकी सरकार अब इसे पटरी पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दिल्ली के लिए 1 लाख करोड़ का बजट
इस बार दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। यह पिछले वित्त वर्ष के बजट 76,000 करोड़ रुपये से 31.5 प्रतिशत अधिक है। सरकार ने ‘विकसित दिल्ली बजट’ थीम के तहत बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और नागरिक सुविधाओं पर फोकस किया है।
बुनियादी ढांचा और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने बजट भाषण में कहा कि दिल्ली का बुनियादी ढांचा और नागरिक सुविधाएं पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी थीं। सरकार इसे फिर से मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाएगी। इस बजट में सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, यमुना नदी के कायाकल्प और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है।
महिलाओं के लिए समर्पित योजनाएं
महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार ने कई नई योजनाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने ‘महिला समृद्धि योजना’ का ऐलान किया और इसके लिए अलग से बजट आवंटित किया गया। इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं को सहायता देने के लिए ‘मातृत्व वंदना परियोजना’ के तहत 21,000 रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। इसके लिए सरकार ने 210 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बजट में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। सरकार ने नए अस्पताल खोलने और मौजूदा अस्पतालों को आधुनिक बनाने के लिए बड़ा बजट प्रस्तावित किया है। मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के साथ ही मुफ्त दवाओं और इलाज की सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
यमुना रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के लिए बड़ा फंड
दिल्ली सरकार ने यमुना नदी के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए भी विशेष बजट आवंटित किया है। इस प्रोजेक्ट के तहत यमुना किनारे ग्रीन ज़ोन विकसित किए जाएंगे, जल की सफाई के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल होगा और नदी के आसपास पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
बिजली और पानी की मुफ्त योजनाएं जारी रहेंगी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में बिजली और पानी की मुफ्त योजनाएं जारी रहेंगी। आम जनता को राहत देने के लिए सरकार ने इन योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट आवंटित किया है।
बजट में दिल्ली देहात के विकास पर फोकस
दिल्ली के ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए भी सरकार ने बड़ी घोषणाएं की हैं। गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता सुविधाएं बढ़ाने और सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त फंड आवंटित किया गया है।
नई सरकार के पहले बजट से जनता को उम्मीदें
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पहले बजट को दिल्ली के विकास का रोडमैप बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल संख्याओं का खेल नहीं है, बल्कि दिल्ली के सुनहरे भविष्य की दिशा में एक ठोस कदम है। सरकार ने सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई हैं, जिससे हर नागरिक को इसका लाभ मिल सके। अब देखना होगा कि यह बजट कितनी जल्दी जमीनी स्तर पर असर दिखाता है और दिल्ली को एक विकसित राजधानी बनाने में कितना सफल होता है।




