नासिक कुंभ पर सीएम फडणवीस की बैठक से नदारद रहे एकनाथ शिंदे, महायुति में दरार के संकेत

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई, लेकिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इसमें शामिल नहीं हुए। उनके तय कार्यक्रम के अनुसार, वे आज सिंधुदुर्ग जिले के दौरे पर हैं।

हालांकि, इससे पहले शिंदे ने नासिक कुंभ की तैयारियों को लेकर नासिक जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अलग से बैठक की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बैठक उनकी नासिक में आयोजित एक रैली के दौरान हुई। लेकिन, उनके इस कदम को भाजपा और शिवसेना के बीच बढ़ते मतभेदों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा-शिवसेना के बीच बढ़ रही दूरी
महायुति सरकार में भाजपा और शिवसेना के बीच शीत युद्ध की अटकलें लगातार तेज हो रही हैं। एकनाथ शिंदे द्वारा सीएम की बैठकों से दूरी बनाए रखना और समानांतर बैठकें आयोजित करना गठबंधन में तनाव को दर्शा रहा है। इससे पहले भी कई मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच मतभेद सामने आए हैं।

एक और विवाद नासिक जिले के पालक मंत्री पद को लेकर है। सीएम फडणवीस ने इस पद के लिए गिरीश महाजन को नियुक्त किया था, लेकिन एकनाथ शिंदे के हस्तक्षेप के बाद यह फैसला रोक दिया गया। इससे साफ है कि नासिक जिले की राजनीति में भी भाजपा और शिवसेना के बीच टकराव जारी है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर ऐसे मतभेद बने रहे तो आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महायुति की एकजुटता पर असर पड़ सकता है। अब देखना यह होगा कि भाजपा और शिवसेना के शीर्ष नेता इस तनाव को कम करने के लिए क्या रणनीति अपनाते हैं।

Share post:

Popular

More like this
Related