नई दिल्ली, दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र आज, 24 फरवरी से शुरू हो गया है। यह सत्र 27 फरवरी तक चलेगा। सभी 70 नवनिर्वाचित विधायकों ने सदस्य के रूप में शपथ ली।
खाली खजाने पर सियासत तेज
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्ववर्ती आप सरकार पर सरकारी खजाना खाली छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं को हर महीने ₹2500 भुगतान करने की योजना जल्द लागू होगी। इस पर पूर्व सीएम आतिशी ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को ‘मजबूत वित्तीय स्थिति’ में सरकार सौंपी गई थी और बहाने बनाने के बजाय वादे पूरे करने पर ध्यान देना चाहिए।
कपिल मिश्रा का विपक्ष पर निशाना
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में सुशासन और विकास की नींव रखी जाएगी। उन्होंने आप सरकार पर पिछले दस वर्षों में ‘संविधान, धर्म और जनता के अपमान’ का आरोप लगाया।
प्रोटेम स्पीकर ने विधायकों को दिलाई शपथ
सत्र की शुरुआत में उपराज्यपाल (एलजी) ने अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई। इसके बाद सीएम रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा और रविंदर इंद्राज सिंह ने भी विधायक के रूप में शपथ ली।
बीजेपी और आप में कैग रिपोर्ट पर टकराव संभव
इस सत्र में विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी आक्रामक रुख अपनाने वाली है, जबकि भाजपा सरकार कैग (CAG) की रिपोर्ट को लेकर आप पर निशाना साध सकती है। दिल्ली विधानसभा सत्र में कई मुद्दों पर गरमागरम बहस होने की संभावना है।




