चैंपियंस ट्रॉफी 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को महामुकाबला खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के पास हर एक विभाग में तगड़े खिलाड़ी हैं, लेकिन पाकिस्तान के पास वैसे खिलाड़ी नहीं हैं, जो अपने दम पर मैच का रुख बदल सकें।
शोएब अख्तर ने पाकिस्तानी टीम पर उठाए सवाल
पाकिस्तान के यू-ट्यूब चैनल tapmad पर बात करते हुए शोएब अख्तर ने पाकिस्तानी टीम की कमजोरियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा,
“भारत के पास हर एक डिपार्टमेंट में मजबूत खिलाड़ी हैं। भारतीय टीम के पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अकेले दम पर मैच का रुख पलट सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान के पास वैसे खिलाड़ी नहीं हैं। अगर पाकिस्तान को भारत के खिलाफ जीत दर्ज करनी है, तो टीम में तगड़े खिलाड़ी होने जरूरी हैं।”
अख्तर ने अन्य टीमों का उदाहरण देते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्क्रम और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स जैसे खिलाड़ी निचले क्रम में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा,
“दूसरी टीमों के पास बेहतरीन फिटनेस वाले खिलाड़ी होते हैं, जो 30 गेंदों में 50 रन बना सकते हैं और अच्छे दिन पर शतक भी जड़ सकते हैं। दूसरी टीमें कोई अलग क्रिकेट नहीं खेल रही हैं, हम ही बुरा क्रिकेट खेल रहे हैं।”
पाकिस्तान में मैच्योरिटी और धुआंधार बल्लेबाजों की कमी
शोएब अख्तर ने पाकिस्तानी टीम की मानसिकता और अनुभव की कमी को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा,
“हमारे खिलाड़ियों में मैच्योरिटी की भारी कमी है। उन्हें स्कोरबोर्ड के अनुसार खेलना नहीं आता और मैच की स्थिति को समझने की क्षमता भी कम है। दूसरे टीमों के कप्तान ज्यादा गंभीर और समझदार हैं। पाकिस्तान को ऐसे तगड़े खिलाड़ी चाहिए, जो मैच को अपने दम पर जिता सकें।”
अख्तर ने पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा,
“पहले हमारे पास शाहिद अफरीदी, अजहर महमूद, अब्दुल रज्जाक, मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक जैसे खिलाड़ी थे, जो लोअर मिडिल ऑर्डर को मजबूत करते थे। लेकिन अब वैसी ताकत हमारी टीम में नहीं दिखती। ओपनर्स तो हम सेट कर लेते हैं, लेकिन उसके बाद का क्या?”
भारत के खिलाफ पाकिस्तान के लिए ‘करो या मरो’ का मुकाबला
गौरतलब है कि पाकिस्तान अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से हार चुका है, जबकि भारत ने बांग्लादेश को हराकर शानदार शुरुआत की है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ की स्थिति में आ गया है। अगर पाकिस्तान यह मैच हारता है, तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। दूसरी ओर, भारतीय टीम इस जीत के साथ सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकती है।
अब देखना होगा कि पाकिस्तान इस दबाव से कैसे निपटता है और क्या उसके खिलाड़ी शोएब अख्तर की बातों को सही साबित कर सकते हैं या नहीं।




