रायपुर: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के चीन को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक घमासान मच गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या पार्टी उन्हें निष्कासित करेगी।
सैम पित्रोदा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि भारत को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है और यह धारणा छोड़नी चाहिए कि चीन दुश्मन है। उनके इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार कांग्रेस पर हमलावर है। इसी क्रम में सीएम विष्णुदेव साय ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए हैं।
सीएम साय ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कांग्रेस के हाथ सीधे तौर पर अलगाववादियों और देश के दुश्मनों के साथ हैं। कांग्रेस के विदेशी विभाग के प्रमुख सैम पित्रोदा को शायद देश के दुश्मनों का हाथ मजबूत करने के लिए ही रखा गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पित्रोदा पहले भी भारतीय नस्ल और देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सैम पित्रोदा के हर विवादित बयान के बाद पार्टी उसे निजी राय बताकर पल्ला झाड़ लेती है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस अपनी पुरानी नीति पर कायम है – ‘चोर से कहो चोरी कर और गृह स्वामी से कहो जागते रह।’”
साय ने कांग्रेस से स्पष्ट जवाब मांगते हुए कहा कि अगर पार्टी सैम पित्रोदा के बयान से सहमत नहीं है, तो क्या उन्हें निष्कासित किया जाएगा? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस कार्रवाई नहीं करती है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि पार्टी आलाकमान के इशारे पर ही देश को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।




