अवैध प्रवासी भारतीयों की वापसी पर भिड़े सीएम भगवंत मान और बीजेपी नेता आरपी सिंह, बोले-पंजाब को बदनाम करने की साजिश

अवैध प्रवासी भारतीयों की वापसी पर भिड़े सीएम भगवंत मान और बीजेपी नेता आरपी सिंह, बोले-पंजाब को बदनाम करने की साजिश

चंडीगढ़: अमेरिका से अवैध प्रवासियों को लेकर आ रहे विमानों की अमृतसर में लैंडिंग को लेकर विवाद तेज हो गया है। 5 फरवरी को 104 अवैध प्रवासी भारतीयों को लेकर एक विमान अमृतसर में उतरा था, और आज एक और विमान 119 लोगों को लेकर आने वाला है। इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह के बीच तीखी बहस छिड़ गई है।

सीएम भगवंत मान का आरोप
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों के विमानों को जानबूझकर अमृतसर में उतारा जा रहा है, ताकि पंजाब और पंजाबियों की छवि खराब की जा सके। उन्होंने सवाल उठाया कि जो गैंगस्टर विदेशों में बैठकर फिरौती मांगते हैं और अपराध करवाते हैं, उन्हें अमेरिका वापस क्यों नहीं भेजता? सिर्फ मेहनत से कमाने वाले लोगों को ही डिपोर्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया।

बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह की सफाई
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने भगवंत मान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अमृतसर भारत में अमेरिका के सबसे निकटतम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में से एक है, इसलिए इन विमानों को वहां उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम भगवंत मान इस मुद्दे को बेवजह राजनीतिक रंग दे रहे हैं और साजिश की थ्योरी गढ़ रहे हैं, जिसे उन्हें बंद कर देना चाहिए।

सीएम मान ने उठाई लैंडिंग रूट बदलने की मांग
भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्रालय (MEA) से बात कर इन विमानों की लैंडिंग का रूट बदलने की मांग की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह अपने नागरिकों को इज्जत के साथ वापस लाना चाहते हैं, क्योंकि भले ही अमेरिका ने उन्हें अपने कानूनों के तहत डिपोर्ट किया हो, लेकिन अपने नागरिकों का सम्मान बनाए रखना पंजाब सरकार की जिम्मेदारी है।

“पंजाब की सुरक्षा को दांव पर लगाया जा रहा” – भगवंत मान
सीएम भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब वह अमृतसर से कनाडा या अमेरिका के लिए सीधी उड़ानों की मांग करते हैं, तो केंद्र इसे नजरअंदाज कर देता है। लेकिन अब, बिना किसी पूर्व चर्चा के, अमेरिका का विमान अमृतसर में उतारा जा रहा है, जिससे पंजाब की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी जारी है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहरा सकता है।

Share post:

Popular

More like this
Related