नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महाकुंभ 2025 की अव्यवस्था को लेकर लोकसभा में उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रयागराज जाने वाले मार्गों पर 300 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे श्रद्धालु घंटों तक फंसे रहे।
लोकसभा में बोलते हुए कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने कहा, “महाकुंभ को लेकर झूठा प्रचार किया गया कि यह 144 साल बाद आया है, जबकि यह हर 12 साल में होता है। जाम की स्थिति इतनी भयावह थी कि दो-दो मुख्यमंत्री तैनात करने पड़े। जब सरकार खुद व्यवस्था नहीं संभाल पाई, तो बीजेपी कार्यकर्ताओं से अपील करनी पड़ी कि वे ट्रैफिक व्यवस्था में मदद करें।”
उन्होंने सवाल उठाया कि डिजिटल इंडिया का वादा करने वाली सरकार ड्रोन और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल क्यों नहीं कर सकी। उन्होंने कहा, “अगर हम चांद पर पहुंच सकते हैं, तो फिर जमीन पर जाम क्यों नहीं संभाल पा रहे? डिजिटल इंडिया के वादे कहां गए?”
बजट पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने आम बजट 2024-25 को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे “टारगेटेड बजट” करार देते हुए कहा कि यह केवल अमीरों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा, “मुझे इस बजट में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का कोई ठोस रोडमैप नहीं दिखता।”
उन्होंने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महाकुंभ जैसी धार्मिक और ऐतिहासिक घटना में भी सरकार बुनियादी सुविधाएं देने में नाकाम रही, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी।




