नई दिल्ली, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक 33.31% मतदान दर्ज किया गया है। राजधानी में सुबह 7 बजे से 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। चुनाव के लिए 70 विधानसभा सीटों पर 13,766 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 699 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो रही है।
AAP बनाम बीजेपी, कांग्रेस की साख दांव पर
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस भी अपनी खोई हुई जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है। अगर AAP चुनाव जीतती है तो वह लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी। दूसरी ओर, बीजेपी 25 साल बाद सत्ता में आने और कांग्रेस 2013 के बाद से वापसी करने की कोशिश में है।
यमुना प्रदूषण, भ्रष्टाचार और सड़कों का मुद्दा हावी
इस चुनाव में यमुना में प्रदूषित पानी, भ्रष्टाचार और खराब सड़कों का मुद्दा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। दिल्ली के मतदाता अब यह तय करेंगे कि वे किसे अपनी सरकार सौंपना चाहते हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन से निगरानी
मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की 200 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गई हैं, जबकि 35,000 से अधिक दिल्ली पुलिस के जवान सुरक्षा में लगे हुए हैं। लगभग 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ड्रोन के जरिए भी निगरानी कर रही है।
चुनाव नतीजे 8 फरवरी को होंगे घोषित
अब सबकी निगाहें 8 फरवरी पर टिकी हैं, जब मतगणना के बाद यह साफ होगा कि दिल्ली की जनता ने किस पार्टी को सत्ता की कुर्सी सौंपी है।




