प्रयागराज, महाकुंभ से एक बड़ी खबर सामने आई है। किन्नर अखाड़े के संस्थापक अजयदास ने आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को उनके पद से हटाने का निर्णय लिया है। यह कार्रवाई अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने के विवाद के बाद की गई है। अजयदास ने आरोप लगाया है कि लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने अखाड़े की परंपराओं का उल्लंघन किया और बिना सहमति के अखाड़े का विलय जूना अखाड़े में कर दिया। इस संबंध में दोपहर 2 बजे एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि 24 जनवरी को ममता कुलकर्णी ने किन्नर अखाड़े में संन्यास ग्रहण किया था, जिसके बाद उन्हें महामंडलेश्वर का पद दिया गया। इस निर्णय के बाद संत समाज के एक वर्ग ने आपत्ति जताई थी।
अजयदास का दावा है कि उन्होंने 2015 में किन्नर अखाड़े की स्थापना की थी और लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को आचार्य महामंडलेश्वर नियुक्त किया था। उनका आरोप है कि त्रिपाठी ने अखाड़े की परंपराओं का पालन नहीं किया और बिना सहमति के अखाड़े का विलय जूना अखाड़े में कर दिया।




