अहमदाबाद। ट्रेविस हेड के शानदार शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत को वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया है। ट्रेविस हेड ने 12 गेंदों पर 137 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं मारनस लाबूशेन ने 58 रन बनाए। इससे पहले भारत ने गेंदबाजी में शानदार शुरुआत की। 47 रनों के अंदर भारतीय गेंदबाजों ने तीन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को वापस पवेलियन भेज दिया, लेकिन इसके बाद ट्रेविस हेड और मारनस लाबूशेन ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और ऑस्ट्रेलिया को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने दो, मोहम्मद शमी और सिराज ने एक-एक विकेट लिया। इसके अलावा कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में नाकामयाब साबित हुआ।
इससे पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया निर्धारित 50 ओवरों में 240 रन ही बना पाई। भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन केएल राहुल ने बनाए। उन्होंने 66 रनों की पारी खेली। वहीं विराट कोहली ने 54 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 31 गेंदों पर 47 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज कोई ख़ास पारी नहीं खेल सका।
इसके पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बता दें कि भारतीय टीम लगातार दस मैच जीतकर फाइनल मैच में उतरी थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने लगातार आठ मैच जीते हैं। भारत ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को पराजित किया था।




