
कोलकाता, 14 फरवरी 2021
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इस बार पूरे दमखम से टीएमसी चीफ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर निशाना साधने का बीजेपी नेता कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं, हाल ही में बंगाल बीजेपी इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने टीएमसी पर हमला बोला है। घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को अच्छे से पता है कि चुनाव में वह बीजेपी से अकेले नहीं जीत सकती।
पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को दिए अपने बयान में टीएमसी को ललकारा है। उन्होंने कहा, ‘टीएमसी समझ गई है कि अगर वह अकेले लड़ती है तो वह बीजेपी के खिलाफ नहीं जीत सकती है। कांग्रेस, वाम और टीएमसी, सभी को एक साथ लड़ना चाहिए। हम बंगाल में अकेले लड़ने और परिवर्तन लाने के लिए तैयार हैं।’ आपको बता दें कि दिलीप घोष का यह बयान टीएमसी सांसद तापस रॉय की उस टिप्पणी के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और वाम दल अकेले नहीं लड़ सकते इसलिए उन्हें टीएमसी के साथ आना चाहिए।
गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में चुनावीय सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में टीएमसी विधायक तापस रॉय ने शनिवार को एक पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, वे (भाजपा) कह रहे हैं कि वे बंगाल पर शासन करेंगे। मैं कांग्रेसियों और वाम दल के नेताओं से कहना चाहता हूं कि ओंडा के टीएमसी विधायक अरुप खान आपके जुलूस में शामिल होंगे। कांग्रेस और वाम दल अकेले नहीं कर सकते, इसलिए उन्हें एक साथ आना चाहिए।







