
कोलकाता , 12फरवरी 2021
पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, ठीक वैसे-वैसे राज्य में टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष की घटनाएं भी देखने को मिल रही हैं। ऐसी ही हैरान कर देने वाली एक घटना बीरभूम जिले से आई है, जहां बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है कि उनपर उबलता हुआ पानी फेंका गया है। ये घटना शुक्रवार की है।
टीएमसी के गुंडों ने किया है हमला- बीजेपी
घटना से संबंधित तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई हैं। पश्चिम बंगाल बीजेपी के ट्विटर हैंडल से उन कार्यकर्ताओं की तस्वीर पोस्ट की गई है, जिनपर गर्म पानी फेंका गया है। इन तस्वीरों में जले हुए निशानों के साथ कार्यकर्ताओं को देखा जा सकता है। बीजेपी ने फोटो के साथ लिखा है कि टीएमसी के गुंडों ने बीजेपी के कार्यकर्ता संतू डॉम और मैखॉन डॉम पर उबलता पानी फेका है। ये अमानवीय घटना को सिर्फ इसलिए अंजाम दिया गया है, क्योंकि ये दोनों बीजेपी के कार्यकर्ता थे। बीजेपी ने आगे कहा है कि क्या ममता दीदी बीजेपी से डर गई हैं? क्या बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ता होना कोई अपराध है?
जानकारी के मुताबिक, ये घटना बीरभूम जिले के सैंथिया में हुई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। भाजपा समर्थकों पर टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा उबलते पानी फेंकने के बाद पांच लोग कथित रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं टीएमसी का कहना है कि झड़प तब शुरू हुई जब भाजपा समर्थकों ने सार्वजनिक रूप से इलाके में एक टीएमसी का झंडा हटा दिया और उसे आग में फेंक दिया। इससे दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस को बुलाना पड़ा।







