Commonwealth Games 2022 Day 10 Updates: बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में महिला मुक्केबाज निकहत जरीन के स्वर्ण पदक जीतते ही भारत मेडल टैली में चौथे नंबर पर पहुंच गया। सात अगस्त 2022 को रात 11:15 बजे तक भारत के खाते में 17 स्वर्ण, 13 रजत और 20 कांस्य पदक समेत कुल 50 मेडल हो गए थे। न्यूजीलैंड पांचवें नंबर पर खिसक गया।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से विवादित पेनाल्टी शूटआउट में हारने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने पेनल्टी शूटऑउट में न्यूजीलैंड को 2-1 से हराया। टेबल टेनिस पुरुष युगल में अचंता शरत कमल और जी साथियान की जोड़ी ने रजत पदक जीता।
बॉक्सिंग में भारत की नीतू गंघास ने भारत को 14वां गोल्ड मेडल दिलाया। वहीं, अमित पंघाल ने पुरुषों के फ्लाईवेट (48-51 किग्रा) वर्ग में इंग्लैंड के मैकडोनल्ड कियारान को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। ट्रिंपल जंप में भारत के एल्डहॉस पॉल ने गोल्ड मेडल जीता। इसी स्पर्धा में अब्दुल्ला ने दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
महिला हॉकी मैच की बात करें तो निर्धारित 60 मिनट तक दोनों टीमों ने 1-1 गोल किए थे। भारत के लिए पहला गोल सलीमा टेटे ने किया था। न्यूजीलैंड के लिए ओलिविया मैरी ने आखिरी मिनट में गोल कर मैच को पेनल्टी शूटऑउट में पहुंचाया।
पेनल्टी शूटऑउट में भारतीय कप्तान सविता पूनिया ने न्यूजीलैंड के चार प्रयासों को नाकाम किया। टीम इंडिया ने राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल बाद पदक जीता है। इससे पहले भारत ने 2002 में स्वर्ण जीता था, जबकि 2006 में रजत पदक हासिल किया था।
महिला क्रिकेट के गोल्ड मेडल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य दिया। उसने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 161 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को जब लक्ष्य दिया था, उस समय रात के 11 बजे थे।




