राष्ट्रपति चुनावः संयुक्त विपक्ष का समर्थन करेगी AIMIM, यशवंत सिन्हा ने खुद फोन कर ओवैसी को मनाया

राष्ट्रपति चुनावः संयुक्त विपक्ष का समर्थन करेगी AIMIM, यशवंत सिन्हा ने खुद फोन कर ओवैसी को मनाया

नई दिल्ली, एआईएमआईएम के सभी विधायक राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेंगे। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी विधायकों का वोट यशवंत सिन्हा को जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यशवंत सिन्हा ने उन्हें फोन किया था। वहीं, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी विपक्षी दलों से बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होने की अपील की।

खड़गे ने कहा, “17 से अधिक पार्टियां हमारा समर्थन कर रही हैं। भारत के लोकतंत्र को बचाने और अपने संविधान की रक्षा के लिए हम सभी को बीजेपी के खिलाफ अपनी लड़ाई में एकजुट होना चाहिए। हम सभी यशवंत सिन्हा के पक्ष में हैं।”

बता दें कि यशवंत सिन्हा ने सोमवार (27 जून, 2022) को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला समेत कई विपक्षी नेता मौजूद थे।

शुक्रवार को एक पत्र में सिन्हा ने सर्वसम्मति से उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुनने के लिए सभी विपक्षी दलों को धन्यवाद दिया और उन्हें आश्वासन दिया। उन्होंने अपने पत्र में कहा, “मैं आपके विश्वास के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं आपको और भारत के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि, अगर मैं निर्वाचित होता हूं, तो मैं बिना किसी डर या पक्षपात के, भारतीय संविधान के मूल मूल्यों और मार्गदर्शक आदर्शों को ईमानदारी से बनाए रखूंगा।”

वहीं, दूसरी तरफ आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को एनडीए ने राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने अपना नामांकन 24 जून को दाखिल किया था। मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं और ओडिशा सरकार में मंत्री रहने के अलावा 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं। भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होना है और मतों की गिनती 21 जुलाई को की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related