Prophet Muhammad Row LIVE: कथित भड़काऊ भाषण पर ओवैसी के खिलाफ FIR, AIMIM चीफ बोले- हम डरने वाले नहीं हैं

Prophet Muhammad Row LIVE: कथित भड़काऊ भाषण पर ओवैसी के खिलाफ FIR, AIMIM चीफ बोले- हम डरने वाले नहीं हैं

Muhammad Row: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने नूपूर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग उठाई है। उन्होंने कहा है कि ऐसे विवादित बयान देने वालों पर फौरन एक्शन होना चाहिए। वहीं, कल दिए गए कथित भड़काऊ बयान को लेकर दिल्ली पुलिस की IFSO इकाई द्वारा दर्ज FIR में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को नामजद किया गया है। एफआईआर में स्वामी यति नरसिंहानंद का भी नाम है।

दिल्ली पुलिस पीआरओ सुमन नलवा ने बताया कि सोशल मीडिया पर दूसरे धर्मों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में 2 FIR दर्ज की हैं जिसमें नुपूर शर्मा, नवीन कुमार जिंदल, असदुद्दीन ओवैसी और कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ नूपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी को लेकर दिल्ली में गुरुवार को असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। यह विरोध उन्होंने जंतर-मंतर के पास किया और इस दौरान उनमें से कुछ कार्यकर्ता पुलिस कर्मचारियों से जा भिड़े। हालात काबू करने के लिए पुलिस को उन्हें हिरासत में लेना पड़ा।

रोचक बात यह है कि एआईएमआईएम की ओर से यह प्रदर्शन तब किया गया, जब गुरुवार दोपहर खबर आई कि ओवैसी के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।

वहीं, पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर बीजेपी से निष्कासित नवीन कुमार जिंदल ने कहा है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस बीच, उन पर मानसिक दबाव तो है। साथ ही परिवार पर भी प्रेशर है। ये बातें उन्होंने गुरुवार (नौ जून, 2022) को एक हिंदी चैनल से बातचीत के दौरान कहीं।

पार्टी के एक्शन पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा- मेरी इस मसले पर कोई टिप्पणी नहीं है। मुझे इस बाबत चर्चा नहीं करनी है। देश के लिए नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने जो किया है, वह इस धरती पर किसी राजनेता ने आज तक नहीं किया। देश की रक्षा के लिए अगर कोई बलिदान होता है, तो उसके लिए परवाह नहीं करनी चाहिए।

इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जो कथित तौर पर नफरत भरे संदेश फैला रहे हैं, विभिन्न समूहों को उकसा रहे हैं और ऐसी स्थिति पैदा कर रहे हैं जो शांति व्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकती है।

पुलिस ने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ की ‘इंटेलीजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटजिक ऑपरेशन’ (आईएफएसओ) इकाई की ओर से दर्ज प्राथमिकी में नवीन कुमार जिंदल, शादाब चौहान, सबा नकवी, मौलाना मुफ्ती नदीम, अब्दुर रहमान और गुलजार अंसारी के नाम हैं। आईएफएसओ के पुलिस उपायुक्त के पी एस मल्होत्रा ने कहा कि प्राथमिकी अलग-अलग धर्मों के लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related