भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के द्वारा हाल ही में पैगंबर मोहम्मद के संबंध में दिए गए एक विवादित बयान के चलते कथित तौर पर जान से मारने और बलात्कार की धमकी मिली थी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन अब नूपुर शर्मा को दिल्ली पुलिस ने शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है।
बता दें कि, एक टीवी चैनल पर डिबेट के दौरान नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद के संबंध में एक विवादित बयान दिया था। इसी बयान के चलते देश भर में भारी विरोध हुआ था, फिर उन्हें भाजपा से निलंबित भी कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते से कई बार नूपुर शर्मा ने पुलिस को फोन कर यह आरोप लगाया था कि पैगंबर मोहम्मद पर उनकी विवादास्पद टिप्पणी को लेकर उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा था।
हालांकि, इस संबंध में संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। साथ ही जांच में शामिल होने और पुलिस की मदद करने के लिए ट्विटर को नोटिस भी भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि 27 मई को, नूपुर शर्मा ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल इकाई में शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है।
भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की शिकायत करने के अगले दिन ही स्पेशल सेल में आईपीसी की धारा 506 (आपराधिक धमकी), 507 (अज्ञात द्वारा आपराधिक धमकी) और 509 (शील भंग) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद जब जांच शुरू हुई तो नूपुर शर्मा ने एक और शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया पर लोगों का एक समूह घटना को लेकर दुश्मनी / नफरत को बढ़ावा दे रहा है।




