पटना, बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजद, बीजेपी और जदयू ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। राजद से मीसा भारती और फैयाज अहमद को दिल्ली भेजने का फैसला किया गया है। लेकिन लालू यादव (Lalu Yadav) के पटना आते ही राबड़ी आवास समेत पटना के कई हिस्सों में दिवंगत शहाबुद्दीन (Shahabuddin) की पत्नी हिना शहाब (Hina Shahab) को राज्यसभा भेजने के पक्ष में उनके समर्थकों द्वारा पोस्टबाजी की गई थी। राजद द्वारा हिना शराब को राज्यसभा नहीं भेजने पर सिवान में हिना शहाब के समर्थकों ने नारेबाजी की। इसके साथ ही शहाबुद्दीन की पत्नी ने भी समर्थकों के साथ राय सलाह करने के बाद आगे का फैसला करने की बात कही। इन सब पर लालू यादव के साले सुभाष यादव ने प्रतिक्रिया दी है। सुभाष यादव ने कहा है कि हिना शहाब को राज्यसभा का टिकट नहीं देकर राजद सुप्रीमो ने सही फैसला किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि तेजस्वी (Tejashwi Yadav) के हाथ अभी राजद को नहीं सौंपना चाहिए।
‘लालू प्रसाद ही राजद को करें लीड’
तेजस्वी और तेज प्रताप यादव के मामा सुभाष यादव ने कहा है कि जब तक लालू यादव हैं, तब तक राजद की कमान उनके हाथों में ही होनी चाहिए। राजद लालू यादव के नेतृत्व में ही सही दिशा में आगे बढ़ सकता है। अगर कमान किसी और को सौंपी जाएगी तो घर बिखर जाएगा।
हिना शहाब और शहाबुद्दीन पर दी कड़ी प्रतिक्रिया
हिना शहाब को राज्यसभा का टिकट नहीं देने पर सुभाष यादव ने कहा कि राजद सुप्रीमो ने सही फैसला किया है। दिवंगत पूर्व सांसद की वजह से पार्टी की बदनामी हुई है। उन्होंने कहा कि हिना शहाब को टिकट नहीं देकर लालू यादव ने बहुत अच्छा किया है। वरना सिवान में अपराध का ग्राफ बढ़ जाता। जो छवि है उसके आधार पर दूसरी पार्टी भी उनको साथ रखने वाली नहीं है। सुभाष यादव ने एक निजी यूट्यूब चैनल से बात करते हुए कहा कि अवध बिहारी चौधरी जब मंत्री थे तो उनके भतीजे को घर में बांधकर शहाबुद्दीन ने पीटा था। लालू यादव खुद शहाबुद्दीन से परेशान थे। मैं परिवार के साथ नहीं हूं न ही पार्टी में हूं। लेकिन जो सच है वही बोलता हूं।




