PM Modi Japan Visit: जापान में होनेवाला क्वाड सम्मेलन है बेहद खास, पीएम मोदी ने खुद दी पूरी जानकारी

PM Modi Japan Visit: जापान में होनेवाला क्वाड सम्मेलन है बेहद खास, पीएम मोदी ने खुद दी पूरी जानकारी

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्वाड सम्मेलन में भाग लेने जापान की यात्रा पर जा रहे हैं। पीएम मोदी 23 और 24 मई को टोक्यो में क्वाड सम्मेलन में शामिल होंगे। इसको लेकर उन्होंने एक अधिकारिक बयान भी दिया है। उन्होंने एक पत्र जारी कर कहा है कि जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा के निमंत्रण पर मैं जापान जा रहा हूं। मार्च 2022 में मुझे 14वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए पीएम किशिदा की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला। टोक्यो की अपनी यात्रा के दौरान मैं भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से अपनी बातचीत को आगे जारी रखने के लिए उत्सुक हूं।

जो बाइडेन से होगी खास बातचीत
पीएम मोदी ने कहा कि जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा के निमंत्रण पर क्वाड सम्मेलन में हिस्सा लेने जापान जा रहा हूं। इस सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापानी प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के नए प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करूंगा। क्वाड सम्मेलन में कई मुद्दों पर बातचीत होगी। हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र के विकास और आपसी हित के वैश्विक मुद्दों के बारे में भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। मैं राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ एक द्विपक्षीय बैठक करूंगा, जहां हम संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ अपने बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। हम क्षेत्रीय विकास और समकालीन वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत करेंगे।

जापानी व्यापार जगत के नेताओं से होगी मुलाकात
पीएम मोदी ने कहा कि नवनिर्वाचित ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज पहली बार क्वाड लीडर्स समिट में शामिल होंगे। उनके साथ बैठक की प्रतीक्षा कर रहा हूं। इस दौरान व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बहुआयामी सहयोग और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीत आर्थिक सहयोग हमारी विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी का महत्वपूर्ण पहलू है।

मार्च शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री किशिदा और मैंने जापान से भारत में अगले पांच वर्षों में सार्वजनिक और निजी निवेश और वित्तपोषण में जेपीवाई 5 ट्रिलियन प्राप्त करने के अपने इरादे की घोषणा की थी। आगामी यात्रा के दौरान मैं इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए हमारे देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लक्ष्य के साथ जापानी व्यापार जगत के नेताओं से मिलूंगा। जापान में भारतीय डायस्पोरा के लगभग 40 हजार सदस्य हैं, जो जापान के साथ संबंधों में एक महत्वपूर्ण आधार हैं। मैं उनके साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं। बता दें कि पीएम मोदी जापान की 40 घंटे की यात्रा में 23 मीटिंग करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related