क्रिकेटर ऋद्धिमान साहा को धमकी देने वाले जर्नलिस्ट पर BCCI ने लगाया दो साल का बैन, स्टेडियम में एंट्री बंद

क्रिकेटर ऋद्धिमान साहा को धमकी देने वाले जर्नलिस्ट पर BCCI ने लगाया दो साल का बैन, स्टेडियम में एंट्री बंद

नई दिल्ली। क्रिकेटर ऋद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) को धमकी देने वाले पत्रकार बोरिया मजूमदार (Boria Majumdar) पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कड़ी कार्रवाई की है। बीसीसीआई ने बोरिया मजूमदार पर 2 साल का प्रतिबंध लगा दिया है। इस दौरान उन्हें देश के किसी भी स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। बीसीसीआई ने अंतरिम सीईओ हेमांग अमीन ने सभी राज्य इकाइयों को प्रतिबंध के बारे में सूचित किया है।

बोरिया मजूमदार ने ऋद्धिमान साहा को डराने और धमकी देने वाले मैसेज भेजे थे। ऋद्धिमान साहा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद साहा के आरोपों की जांच के लिए बीसीसीआई ने 3 सदस्यीय समिति का गठन किया था। इसमें उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, कोषाध्यक्ष अरुण धूमल और पार्षद प्रभातेज सिंह भाटिया शामिल थे।

समिति ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद निष्कर्ष निकाला कि मजूमदार की कार्रवाई वास्तव में खतरे और धमकी की प्रकृति में थी। 3 सदस्यीय समिति ने बीसीसीआई एपेक्स काउंसिल को 2 साल के प्रतिबंध की सिफारिश की थी। बीसीसीआई की शीर्ष परिषद ने 3 सदस्यीय समिति की सिफारिश पर सहमति जताई। इसके बाद बीसीसीआई ने बोरिया मजूमदार पर दो साल का बैन लगाने का फैसला किया। बीसीसीआई ने राज्य इकाइयों से पत्रकार पर लगे प्रतिबंधों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बोरिया मजूमदार पर लगाए गए प्रतिबंध 

  • भारत में किसी भी क्रिकेट मैच (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) में प्रेस के सदस्य के रूप में कोई भी मान्यता प्राप्त करने पर 2 साल का प्रतिबंध।
  • भारत में किसी भी पंजीकृत खिलाड़ी का इंटरव्यू लेने पर 2 साल का प्रतिबंध।
  • बीसीसीआई और सदस्यों के संघ के स्वामित्व वाली क्रिकेट सुविधाओं में से किसी के उपयोग पर 2 साल का प्रतिबंध।

 

इंटरव्यू देने से इनकार पर मजूमदार ने दी थी धमकी
बता दें कि साहा को मजूमदार ने इसी साल फरवरी में इंटरव्यू नहीं देने पर धमकी दी थी। साहा ने इस संबंध में ट्वीट किया था। उन्होंने पत्रकार के नाम का खुलासा नहीं किया था। साहा ने धमकी के संदेशों के स्क्रीनशॉट साझा किए थे और आरोप लगाया था कि इंटरव्यू देने से इनकार करने के बाद पत्रकार ने आक्रामक लहजे में बात की। साहा ने ट्वीट किया, “भारतीय क्रिकेट में मेरे सभी योगदानों के बाद..एक तथाकथित ‘सम्मानित’ पत्रकार से मुझे यही सामना करना पड़ रहा है! पत्रकारिता यहां चली गई है।” साहा द्वारा शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में दिख रहा है कि पत्रकार ने उन्हें कई मैसेज भेजे थे। पत्रकार ने कहा था कि साहा ने उनके फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। इससे वह आहत हैं और अपने अपमान को दयालुता से नहीं लेते।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related