Punjab Results 2022: पंजाब में विधानसभा के 117 सदस्यों को चुनने के लिये हुए डाले गए मतों की गिनती आज शुरू हो गई है। ताजा रुझान के मुताबिक आम आदमी पार्टी की पंजाब में सुनामी दिख रही है। कांग्रेस बड़ी हार की और बढ़ रही है। अमृतसर पूर्व से नवजोत सिंह सिद्धू पीछे चल रहे हैं। इसके अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पीछे चल रहे हैं। पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों पर पीछे हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान हुआ था। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। बीते तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था।
2017 पंजाब विधानसभा चुनाव में 77.40 प्रतिशत, 2012 में 78.20 प्रतिशत और 2007 में 75.45 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2002 में केवल 65.14 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य में इस बार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है, जबकि कांग्रेस बहुकोणीय मुकाबले में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 20 फरवरी को मतदान हुआ था। गुरुवार को मतगणना के लिए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 77 सीटों पर कब्जा कर सूबे में सरकार बनाई थी। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया और अलग पार्टी बनाकर वे भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, मतदान के बाद आए अधिकांश एग्जिट पोल्स पंजाब में आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की तरफ इशारा कर रहे हैं।




