जानिये कौन हैं विक्टर यानुकोविच जिनको पुतिन राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं..

जानिये कौन हैं विक्टर यानुकोविच जिनको पुतिन राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं..

नई दिल्ली, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच युद्ध बुधवार को भी जारी है। रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव और खारकीव में हमले तेज कर चुकी है। रूस यूक्रेन में सत्ता परिवर्तन की कोशिश कर रहा है और ऐसे में एक नाम विक्टर यानुकोविच का तेजी से सामने आ रहा है। यूक्रेन की एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रूस यूक्रेन के भगोड़े पूर्व राष्‍ट्रपति विक्टर यानुकोविच (Viktor Yanukovych) को वोल्दोमिर जेलेंस्‍की की गद्दी पर बैठाने की योजना बना रहा है।

कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का नया राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं। 2014 में यूरोमैदान क्रांति के दौरान यानुकोविच की सरकार को उखाड़ फेंक दिया गया था और उसके बाद उन्होंने रूस में जाकर शरण ली थी। विक्टर यानुकोविच ने 2010 में यूक्रेन के चौथे राष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था और फरवरी 2014 तक यूक्रेन के राष्ट्रपति रहे।

यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पों के बाद उनकी सरकार को उखाड़ फेंक दिया गया था। इस दौरान राजधानी के कई इलाकों से हिंसा की खबरें आई थीं। यह विरोध-प्रदर्शन नवंबर 2013 में बड़े पैमाने पर शुरू हुआ था जिसके बाद आखिरकार यानुकोविच को पद से हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने रूस जाकर शरण ले ली थी। यानुकोविच का रूस के प्रति काफी झुकाव रहा है।

सामने आई मीडिया रिपोर्ट में यूक्रेनी खुफिया का हवाला देते हुए कहा गया है कि रूस विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का अगला राष्ट्रपति घोषित करने की कोशिश कर सकता है। यह यूक्रेन में कठपुतली सरकार स्थापित करने का पुतिन का प्लान हो सकता है, वे राजधानी कीव पर कब्जा करने और जेलेंस्की सरकार को हटाने की कोशिशों में जुटे हैं।

यानुकोविच का रूस के प्रति रहा है झुकाव

2002 में यूक्रेन के राष्ट्रपति लियोनिद कुचमा ने यानुकोविच को प्रधानमंत्री नियुक्त किया था। इसके बाद 2004 के राष्ट्रपति चुनाव के समय, यानुकोविच को कुचमा के उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जाने लगा था। तब रूसी राष्‍ट्रपति पुतिन ने भी उनकी उम्मीदवारी के लिए समर्थन की पेशकश की थी। 2010 में यानुकोविच यूक्रेन के राष्ट्रपति चुने गए तो रूस के प्रति उनका झुकाव नजर आने लगा। अप्रैल 2010 में विक्टर यानुकोविच ने रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के साथ एक समझौता किया और सेवस्तोपोल बंदरगाह के रूस के पट्टे का विस्तार 2042 तक कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related