नई दिल्ली. महाठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज (Jacqueline Fernandez) के बीच करोड़ों के लेनदेन की बात सामने आई है. अब खबर है कि तिहाड़ जेल में बैठकर लाखों की ठगी को अंजाम देने वाले सुकेश चंद्रशेखर ने एक्ट्रेस जैकलीन से केवल से परिचय के लिए ही करोड़ों रुपये खर्च कर दिए थे. कहा जा रहा है जैकलीन ही नहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही के तार भी चंद्रशेखर से जुड़े हो सकते हैं. हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में एक्ट्रेस से पूछताछ की है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंद्रशेखर ने अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी को फर्नांडीज से परिचय कराने के लिए मोटी रकम दी थी. शुक्रवार को ईडी ने पिंकी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, तिहाड़ जेल में अधिकारियों ने दोनों का आमना-सामना कराया. इसके बाद वही सवाल भी अलग-अलग पूछे गए. एजेंसी ने दोनों के बयान रिकॉर्ड कर लिए हैं. एक्ट्रेस ने बताया था कि सुकेश मेकअप आर्टिस्ट के जरिए उनके संपर्क में आया था. दोनों की कुछ तस्वीरें भी वायरल हुई थीं.
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी अधिकारियों का कहना है कि ईरानी ने सुकेश की पहचान फर्नांडीज से कराई थी और इस काम के लिए उसे काफी बड़ी रकम मिली थी. हालांकि, काम पूरा कराने के लिए सुकेश की तरफ से करोड़ों रुपये खर्च करने की बात ईडी के लिए नई नहीं है. अधिकारियों ने पहले भी पाया था कि वह जबरन वसूली का रैकेट चलाने के लिए रोहिणी जेल स्टाफ को करोड़ों रुपये देता था. जेल के अंदर उसे एक पूरा बैरक दिया गया था, जहां वह खुलकर दो फोन का इस्तेमाल कर सकता था और सीसीटीवी कैमरा कवर किए गए थे.
खबर है कि चंद्रशेखर ने जेल में रहते हुए रैनबैक्सी के पूर्व मालिक शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा ऐंठे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुकेश की मुलाकात अदिति से जेल में हुई थी. सिंह को 2019 में फंड की हेराफेरी मामले में गिरफ्तार किया गया था और अदिति अपने पति से मुलाकात करने जेल जाती थीं. जेल में बातचीत के बाद सुकेश ने अदिति को ऐप का इस्तेमाल कर वर्चुअल नंबर से कॉल किया और उनके पति को जेल से बाहर निकालने का भरोसा दिया. ईडी इस राशि के इस्तेमाल की भी जांच कर रही.




