
लखनऊ, 26 नवंबर 2021
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में आयकर देने वालों की संख्या और कर की वसूली बढ़ रही है। इस बढ़ती आमदनी का उपयोग विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के कामों में हो रहा है। यूपी में आयकर देने वाली की तादाद छह गुना बढ़ी है। राजधानी में शुक्रवार को निर्मला सीतारमण ने आयकर विभाग के नवनिर्मित कार्यालय ‘प्रत्यक्ष कर भवन’ का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लोकार्पण किया। राज्य की कर वसूली और आयकरदाताओं से कमाई में बढ़ोतरी पर खुशी जताते हुए निर्मला ने कहा कि जब एक राज्य से कर की वसूली होती है तो असर तुरंत जनता में देखने को मिलता है।
आयकर से होने वाले बदलाव की चर्चा कर सीतारमण ने यूपी में चल रही विकास योजनाओं की चर्चा की। कहा कि विकास परियोजनाओं से पता चलता है कि जनता को आयकर से मिलने वाले धन का कितना लाभ मिलता है। यूपी सरकार सबको इलाज और मुफ्त वैक्सीन दे रही है। यूपी नौ करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने वाला, 234 टेस्टिंग लैब वाला पहला राज्य है। यहां 1.84 लाख कोविड बेड हैं। विधवा, निराश्रित, दिव्यांग महिलाओं समेत 90 लाख लोगों को पेंशन मिल रही है। वित्तमंत्री ने कहा कि आधारभूत ढांचा क्षेत्र के कार्यों में रुकावट न हो इसके लगातार प्रयास हो रहे है। केंद्र ने 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप अगले साल मार्च तक मिलने वाली धनराशि राज्यों को हाल में दे दी है।
छह गुना बढ़े रिटर्न दाखिल करने वाले
वित्तमंत्री ने यूपी ईस्ट (राज्य के 45 जिले, उत्तराखंड के 6 जिले हैं) आयकर संग्रह के आंकड़े देते हुए कहा कि यहां मार्च 2021 तक 21.83 लाख लोगो ने रिटर्न फाइल किया। साल 2016 में 3.80 लाख रिटर्न फाइल होता था। इस तरह छह गुना रिटर्न बढ़ा। टैक्स कलेक्शन बढ़ने से विकास बढ़ेगा।
देर से भवन बनने पर खेद जताया
सीतारमण ने कहा कि इस भवन के लिए जमीन 2002 में मिल गई। भवन का निर्माण 2017 में शुरू हुआ। दुख होता है कि 10-15 साल पहले इतना बेहतर भवन मिल जाता तो काम करने में लोगों को आसानी होती और बेहतर प्रभाव होता। उन्होंने कहा कि आयकरदाताओं को बिना कार्यालय गए काम पूरे हो जाने से काफी सहूलियत हो गई है। प्रत्यक्ष कर भवन से आयकर दाताओं को अच्छी सेवा मिलेगी।







