
लखनऊ, 16 नवंबर 2021
एक्सप्रेस-वे के हब बन रहे यूपी में विकास व अर्थव्यवस्था की पूरी तस्वीर बदलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को लोकार्पित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे यूपी का अब तक सबसे बड़ा एक्सप्रेस वे है। यह न केवल पश्चिमी यूपी को पूर्वांचल के सफर को आसान व जल्द पूरा करने की दिशा में एक बड़ी कड़ी है, बल्कि उद्योग, कारोबार व मंडियों का बड़ा जरिया बनने जा रहा है।
बरसों से बदहाली, गरीबी व पिछड़ेपन का शिकार उत्तर प्रदेश अब लंबी छलांग लगाने का तैयार है। विकास के बड़े प्रोजेक्ट उद्योग, व्यापार, कारोबार बढ़ाने जा रहे हैं। इससे शैक्षणिक गतिविधियां बढ़ेंगी। सबसे बड़ी बात है कि रोजगार के लाखों मौके युवा बेरोजगारों के सामने आने वाले हैं।
बिहार से नोएडा @ चार एक्सप्रेस वे
यह एक्सप्रेस वे आने वाले सालों में इस इलाके की विकास की रीढ़ बनेगा। कैसे । इसे इस तरह समझिए। यूपी सरकार की योजना इसे गाजीपुर से बढ़ाकर बलिया तक जोड़ने की है। इसके लिए बलिया लिंक एक्सप्रेसवे अगले साल बनने जा रहा है। बलिया बिहार सीमा से जुड़ा है। इस तरह बिहार से आने वाले लोग नोएडा तक एक्सप्रेसवे के जरिए ही यात्रा पूरी करेंगे। इस तरह बलिया लिंक, पूर्वांचल, आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे व यमुना एक्सप्रेसवे यह चार एक्सप्रेसवे विकास के वाहक बन रहे हैं। यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज पर खत्म होगा। धार्मिक व सांस्कृतिक नगरी वाराणसी एक ओर गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस के जरिए जुड़ेगा वहीं वाराणसी को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है।
हरियाली युक्त एक्सप्रेस वे का लीजिए मजा, न जाम न प्रदूषण
तीन एक्सप्रेस वे…..यह अब आपकी यात्रा को बिना बाधा तेज रफ्तार के गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं। अब यूपी का पूर्वांचल का सुदूर का गाजीपुर सीधे इन एक्सप्रेस वे के जरिए नोएडा दिल्ली तक जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का लोकार्पण कर दिया। पूर्वांचल के गाजीपुर से पश्चिमी यूपी के नोएडा तक यह सफर केवल 10 घंटे में पूरा होगा। असल में अब गाजीपुर से लखनऊ का सफर केवल 4:00 घंटे में पूरा हो सकेगा। लखनऊ मे आगरा एक्सप्रेस पर चढ़ने के बाद आगरा तक का सफर 3.50 घंटे में पूरा हो जाएगा। इसके बाद नोएडा दिल्ली की यात्रा ढाई घंटे में पूरी होगी। इस तरह दस घंटे में पूर्वांचल एक छोर से पश्चिमी यूपी के नोएडा छोर तक सफर पूरा हो सकेगा। एक तरह से बिहार या बलिया से चलने वाले यात्री पूर्वांचल एक्सप्रेस के जरिए पहले लखनऊ पहुंचेगे। इसके बाद वह आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिए आगरा और यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा दिल्ली तक पहुंच जाएंगे। तीन एक्सप्रेसवे के जरिए यह सफर बेहद आरामदेह, सुविधापूर्ण और बेहद कम समय में पूरा होगा न जाम का झंझट व न ही प्रदूषण। यह तीनो एक्सप्रेसवे हरियाली युक्त हैं।
हादसे रोकने के पुख्ता इंतजाम
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सुरक्षित यात्रा के लिए एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है। हादसे का सबब बनने वाले पशुओं को रोकने के लिए दोनों तरह फेंसिंग की गई है। इसके अलावा इन आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए कई टीमें एक्सप्रेस पर तैनात की गई हैं। दुर्घटना की स्थिति में हर पैकेज में लाइफ सपोर्ट सिस्टम युक्त दो दो एंबुलेंस तैनात कई गई हैं। हादसे रोकने के लिए क्रैश बैरियर भी लगाए गए हैं। सैनिक कल्याण बोर्ड ने यहां सुरक्षा कर्मी तैनात किए हैं। 20 पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं।







