देहरादून, 13 नवंबर 2021

राफेल विमान खरीद में सुशेन गुप्ता नामक बिचौलिया का नाम सामने आने के बाद कांग्रेस एक बार फिर से मुखर हो गई। कांग्रेस ने विमान खरीद की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का गठन कर जांच कराने की मांग की। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि राफेल विमान खरीद में भ्रष्टाचार करते हुए केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा को भी ताक पर रख दिया है।

राफेल मुद़्दे पर प्रेस कांफ्रेस के लिए देहरादून आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने राजीव भवन में मीडिया कर्मियों से बातचीत में केंद्र सरकार को कठघरे में किया। मालूम हो कि हाल में फ्रेंच पब्लिकेशन मीडिया की रिपोर्ट में राफेल विमान खरीद मामले में दलाली होने की बात का खुलासा किया है। शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने देश भर में इस मुद्दे पर प्रेस कांफ्रेस करते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।

रागिनी ने कहा कि राफेल विमान की खरीद में केंद्र सरकार ने कई नियमों को अपने हिसाब से बदला है। रक्षा मंत्रालय के विरोध के बावजूद एंटीकरप्शन का प्रावधान भी हटा दिया गया। सीबीआई, ईडी के जरिए कुचक्र रचा जा रहा है जिससे घोटाले को साबित करने वाले सभी तथ्यों को दबाया जा सके। केंद्र सरकार का जेपीसी की मांग को स्वीकार न करना साबित करना है कि दाल में काला नहीं बल्कि पूरी दाल ही काली है। इस मौके पर महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रवक्ता गरिमा महरा दसौनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, संग्राम सिंह पुंडीर, विशाल चंद्र मौर्य आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुत्व पर सलमान खुर्शीद को क्लीन चिट

नायक ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की नई किताब सनराइज ओवर अयोध्या में हिंदुत्व की तुलना सीरिया के इस्लामिक संगठन आईएस और बोकाहरम से करने पर खुर्शीद का बचाव किया। उन्होंने कहा कि सनातनी हिंदु अलग है और भाजपा पोषित हिन्दुत्व अलग है। खुर्शीद का इशारा भाजपा पोषित हिन्दुत्व पर है, न कि सनातनी हिंदुत्व पर। खुर्शीद ने अपनी किताब में गंगा जमनी तहजीब का भी खूबसूरती से वर्णन किया है। लेकिन भाजपा केवल इन्हीं बिंदुओं पर विवाद कर रही है।

कंगना को भीख में मिली पदम श्री

बालीवुड अभिनेत्री रंगना रनौत के देश को आजादी वर्ष 2014 में मिलने के बयान पर भी रागिनी ने कड़ी टिप्पणी की। कहा कि देश को आजादी तो लाखों देशवासियों के संघर्ष और बलिदान की वजह से मिली है। लेकिन कंगना को पदमश्री निसंदेह भीख में ही मिली है।