हरिद्वार/रुद्रप्रयाग, 3 नवंबर 2021

उत्तराखंड की सियासत में देवस्थानम बोर्ड के मुद्दे पर लगातार गतिरोध बना हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे से पहले देवस्थानम बोर्ड को लेकर राजनीतिक घमासान में ताजा खबर यह है कि बोर्ड के विरोध में आम आदमी पार्टी ने जेल भरो आंदोलन शुरू करने की घोषणा कर दी है. हरिद्वार पहुंचे आप नेता पूर्व कर्नल अजय कोठियाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बुधवार से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया. इधर, भाजपा के नेताओं का केदानाथ में विरोध होने के बाद पार्टी ने तीर्थ पुरोहितों को साधने की कोशिश की है. पीएम मोदी के दौरे से पहले उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और यतीश्वरानंद केदारनाथ जाकर तीर्थ पुरोहितों की मान मनौव्वल करेंगे.

हरिद्वार में संत समुदाय से मुलाकात के बाद कोठियाल ने अपनी रणनीति का ऐलान करने के लिए प्रेस से बातचीत की और तंज़ कसा कि भाजपा के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और मौजूदा मंत्री को तीर्थ पुरोहितों का विरोध इसलिए झेलना पड़ा क्योंकि वह नाराज़गी को समझते हुए भी बस अपनी नौकरी बचाने के लिए केदारनाथ गए थे. उन्होंने कहा ‘आप पार्टी तीर्थ पुरोहितों के साथ है और देवस्थानम बोर्ड के विरोध में बुधवार से जेल भरो आंदोलन करेगी. पुरोहितों के आग्रह पर मैं भी केदारनाथ जा रहा हूं.’ उन्होंने साफ कहा कि बोर्ड भंग होने तक आम आदमी पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा.

भाजपा कर रही है ये तैयारियां
भारतीय जनता पार्टी रुद्रप्रयाग में इस बार पीएम नरेन्द्र मोदी के केदारनाथ दौरे को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रही है. भाजपा इस बार केदारनाथ धाम में ही भव्य दीपावली मनाने की तैयारी कर रही है. भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल का कहना है कि पीएम मोदी के दौरे को लेकर 4 नवंबर को प्रदेश भर से भाजपाई केदारनाथ धाम पहुंचकर रात में दीपक जलाएंगे. इसे लेकर पूरी जनता में भी भारी उत्साह है. इन्हीं तैयारियों के दौरान अचानक सीएम धामी यहां पहुंचे.

हवाई सर्वे कर रहे सीएम अचानक उतरे रुद्रप्रयाग
सीएम पुष्कर सिंह धामी आपदा से हुए नुकसान के हवाई सर्वे पर थे, तभी काला गढ़ के आगे मौसम खराब होने पर हेलीकॉप्टर अचानक रुद्रप्रयाग के गुलाबराय हैलीपेड हैली पर उतरा. जहां से धामी रुद्रप्रयाग ज़िला मुख्यालय में बीजेपी के नवनिर्मित भवन पहुंचे. धामी ने चारधाम यात्रा, बारिश से यात्रियों को हुई परेशानियों व आपदा प्रबंधन की तैयारी को लेकर डीएम व एसपी से फीडबैक लिया. धामी ने डीएम व एसपी को यात्रियों को असुविधा न होने देने के निर्देश दिए. लेकिन केदारनाथ में यात्री असुविधाओं संबंधी शिकायतें कर रहे हैं.

ई-पास को लेकर समस्या जारी है
चारधाम यात्रा के लिए देवस्थानम बोर्ड का ई-पास ज़रूरी है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में बिना ई-पास के ही तीर्थयात्री रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं, जिन्हें हरिद्वार-ऋषिकेश से लेकर श्रीनगर तक किसी बैरियर पर नहीं रोका जा रहा है. समस्या तब खड़ी हो रही है जब रुद्रप्रयाग पहुंचते ही ऐसे तीर्थयात्रियों को लौटाया जा रहा है. ऐसे में इन तीर्थयात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है. रुद्रप्रयाग के सिरोहबगड़ बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना ई-पास के तीर्थयात्रियों से भरी बसों को वापस भेजा जा रहा है. यात्री प्रशासन पर ऋषिकेश-हरिद्वार में ही सटीक सूचना न देने का आरोप लगा रहे हैं, तो प्रशासन तीर्थयात्रियों को ही ज़िम्मेदार ठहरा रहा है.

25 नवंबर को पहुंचेगी मदमहेश्वर की डोली

उत्तराखंड की चार धाम यात्रा 2021 समाप्ति की ओर है और 11वें ज्योतिर्लिंग बाबा केदार के कपाट जहां भैयादूज के दिन 6 नवम्बर को बंद होने हैं, वहीं मंगलवार को दो और केदारों के कपाट बंद होने की तिथि भी घोषित हो गई. ओंकारेश्वर मंदिर में द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम के कपाट 22 नवम्बर को बंद होंगे, जिसके बाद मदमहेश्वर भगवान की उत्सव डोली 25 नवम्बर को ओंकारेश्वर पहुंचेगी.