लखनऊ, 30 सितम्बर 2021

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया गुरुवार को प्रयागराज आए। सर्किट हाउस में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो शिक्षा का बजट 13 से बढ़ाकर 25 फीसदी किया जाएगा। आप का जनाधार यूपी में तेजी से बढ़ रहा, जिससे वर्तमान सरकार डरी है। उत्तर प्रदेश में शिक्षा की हालत बहुत खराब है। राजनीतिक पार्टियों ने जाति और धर्म की नीति प्रमुख मानते हुए शिक्षा को गर्त में डाल दिया है। प्राथमिक शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, सभी दुखी हैं। शासन से मिलकर निजी स्कूलों में मनमानी फीस वसूली जा रही है। चुनावी चंदे के लिए शिक्षा का बाजारीकरण करने वालों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

आप की सरकार बनेगी तो मनमानी फीस वसूलने वालों पर सख्त अभियान चलेगा। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम यूपी के चुनाव में विकल्प नहीं प्रमाण के साथ आएंगे। शिक्षा का स्तर बेहतर होगा तो सभी का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा, जिसके लिए हम शिक्षा को मुद्दा बनाकर लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। यूपी में बिजली की कीमत मनमाने तरीके से बढ़ाई जा रही है। हम सत्ता में आएंगे तो किसानों को मुफ्त बिजली देंगे और घरेलू कनेक्शन लेने वालों को 300 यूनिट तक बिजली फ्री मिलेगी।

गोरखपुर की घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए उन्होंने मृतक के परिजन को पांच करोड़ का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। एक सवाल के जवाब में मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी विधान सभा चुनाव में किसी से गठबंधन किए बिना सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कहा कि दिल्ली के शिक्षा मॉडल को देश-दुनिया में सराहा जा रहा है। यूपी की चर्चा अगर होती है तो बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लोग पहले याद करते हैं।

यूपी में भी उसी शिक्षा मॉडल को अपनाकर लोगों का भविष्य संवारने का प्रयास किया जाएगा। यूपी में सिर्फ धर्म और जाति की राजनीति कर सत्ता हासिल करने का प्रयास हो रहा है। जिस कारण आजादी के सात दशक बाद भी हमारा देश विकासशील बना है। पार्टी और जाति धर्म से ऊपर उठकर लोगों को आप के साथ आना होगा। कहा कि प्रयागराज और वाराणसी शिक्षा के केंद्र बिंदु रहे हैं, लेकिन यहां भी शिक्षा का स्तर बहुत खराब है। शिक्षा का मूल अधिकार लोगों को नहीं मिल रहा है। स्कूलों में शौचालय नहीं हैं, दीवारें जर्जर हैं। सवा लाख शिक्षामित्र अपने अधिकार के लिए परेशान हैं। उनके साथ आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी रहे।