जोशीमठ, 17 सितम्बर 2021

हाईकोर्ट द्वारा चारधाम यात्रा में लगी रोक हटाये जाने के बाद हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने भी यात्रा 18 सितंबर से शुरू करने का निर्णय ले लिया है। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेन्द्र जीत सिंह बिन्द्रा ने बताया कि, उच्च न्यायालय के चारधाम यात्रा से रोक हटा देने के बाद हेमकुंड की यात्रा भी शुरू की जा रही है। बिन्द्रा ने कहा कि हेमकुंड आने वाले यात्रियों को आवश्यक रूप से ऋषिकेश गुरुद्वारा कार्यालय में अपना पंजीकरण करवाना होगा।

नियमानुसार एक दिन में एक हजार लोग ही गोविन्दघाट से हेमकुंड जायेंगे। लेकिन कोई भी यात्री पवित्र सरोवर में स्नान नहीं कर सकेगा। कहा कि कोरोना गाइड लाईन और प्रदेश तथा केन्द्र सरकार द्वारा जारी एसओपी का सभी यात्रियों को पालन करना होगा। कोविड वैक्सीनेशन रिपोर्ट या आरटीपीसीआर नेगेटिव रिर्पोट आवश्यक रूप से सभी को अपने पास रखनी होगी। बिन्द्रा ने 60 साल से उपर व 10 वर्ष से नीचे के लोगों, गंभीर रोग से ग्रसित लोगों को इस बार हेमकुंड की यात्रा में न आने की अपील की है।