महाकुंभ में अदाणी ग्रुप और इस्कॉन की महाप्रसाद सेवा का 38 लाख श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ, 30 लाख बांटा आरती संग्रह

महाकुंभ में अदाणी ग्रुप और इस्कॉन की महाप्रसाद सेवा का 38 लाख श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ, 30 लाख बांटा आरती संग्रह

प्रयागराज, महाकुंभ मेले में अदाणी ग्रुप और इस्कॉन द्वारा आयोजित महाप्रसाद सेवा ने श्रद्धालुओं को न केवल भक्ति का अनुभव दिया, बल्कि उनके पेट की भी पूरी चिंता दूर की है। हर दिन लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया जा रहा है, जिससे मेला स्थल पर मौजूद लाखों भक्त संतुष्ट और तृप्त हो रहे हैं।

अदाणी ग्रुप ने इस सेवा के अंतर्गत 18 हजार सफाई कर्मियों के सहयोग से दिन-रात मेहनत की है, ताकि श्रद्धालुओं को सुस्वाद और पवित्र भोजन मिले। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिनों में 38 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस महाप्रसाद का आनंद लिया है। मौनी अमावस्या के दिन अकेले 3.5 लाख से अधिक भक्तों ने इसे ग्रहण किया, जो इस सेवा की विशालता और प्रभावशीलता को दर्शाता है।

महाप्रसाद की गुणवत्ता को लेकर श्रद्धालुओं ने इसकी खूब सराहना की है। वे इसे न केवल स्वादिष्ट मान रहे हैं, बल्कि इसकी पवित्रता भी महसूस कर रहे हैं। अदाणी ग्रुप और इस्कॉन के 5 हजार से अधिक स्वयंसेवक प्रतिदिन सेवा में लगे हुए हैं, जो इस विशाल आयोजन को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं।

इसके साथ ही, गीता प्रेस के सहयोग से अदाणी ग्रुप ने एक करोड़ ‘आरती संग्रह’ की प्रतियां मुफ्त में बांटी हैं। अब तक करीब 30 लाख प्रतियां बांटी जा चुकी हैं, जिससे भक्तों को सनातन धर्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो रही है। महाकुंभ में चल रहे प्रवचनों, रामकथा और श्रीमद्भागवत कथा ने इस आयोजन को और भी रंगीन और भक्तिमय बना दिया है।

महाकुंभ के दौरान इस्कॉन ने गीता सार की 5 लाख प्रतियां बांटने की योजना बनाई थी, जिसमें अब तक 3 लाख से अधिक प्रतियां वितरित की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, दिव्यांगों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों के साथ आ रही माताओं के लिए गोल्फ कार्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

इस बार के महाकुंभ का अनुभव अदाणी ग्रुप और इस्कॉन के योगदान से और भी खास बन गया है। यह पहल श्रद्धालुओं को न केवल सुविधाएं दे रही है, बल्कि सेवा और समर्पण की एक अनूठी मिसाल भी पेश कर रही है।

Share post:

Popular

More like this
Related