देहरादून: उत्तराखंड में किसकी सरकार बनेगी, इसका फैसला होने में अब कुछ ही समय बाकी है। 14 फरवरी को उत्तराखंड में चुनाव होने हैं। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। चुनाव होने और उसके नतीजे आने में भले ही थोड़ा वक्त बाकी है, लेकिन तमाम सर्वे अभी से इस गुत्थी को सुलझा लेने का दावा कर रहे हैं।
एक ऐसे ही सर्वे की मानें तो उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी को लोगों ने सबसे ज्यादा पसंद किया है। प्रदेश की जनता उन्हें एक बार फिर उत्तराखंड का सीएम बनते देखना चाहती है। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड में बीजेपी एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। पहाड़ी राज्य में मौजूदा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सर्वे में सबसे पसंदीदा सीएम उम्मीदवार बताया गया है।
आगामी चुनाव में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, सर्वे में ये भी बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश की कुल 70 सीटों में से 42-46 सीटें बीजेपी के खाते में जा सकती हैं। सर्वे के नतीजों में कांग्रेस को 12 से 14 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। आम आदमी पार्टी को 8 से 11 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार 2 से 5 सीटों पर जीत दर्ज करा सकते हैं। वोटिंग प्रतिशत का आंकलन करें तो बीजेपी का वोट प्रतिशत 41.11 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस का 27.31 प्रतिशत, आप का 18.67 प्रतिशत और निर्दलीय उम्मीदवारों का वोटिंग प्रतिशत 12.91 रह सकता है। इस तरह सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है।

जानिए क्यों हैं पुष्कर सिंह धामी लोगों की पसंद
– 46 वर्षीय धामी उत्तराखण्ड के सबसे युवा मुख्यमंत्री हैं। बीजेपी ने धामी को चुनाव का चेहरा बनाकर युवाओं को एक संदेश देने की कोशिश की है और इस सर्वे के आंकड़ों को सही मानें तो ये कोशिश कामयाब होते भी दिख रही है। BJP के ठीक विपरीत कांग्रेस ने 73 वर्षीय हरीश रावत को अपना चेहरा बनाया है।
– धामी की छवि अब तक पूरी तरह से बेदाग है। वे किसी तरह की बयानबाजी से भी दूर रहते हैं। इस वजह से भी वे लोगों की पसंद बनते जा रहे हैं। इसके उलट हरीश रावत का कार्यकाल भ्रष्टाचार के लिए ज्यादा जाना जाता है.
अब देखना ये है कि पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाकर और इस चुनाव की लगाम उनको देकर भाजपा ने जो दांव चला है वो कितना सही साबित होता है।




