प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से की बात, बातचीत से यूक्रेन संकट के हल पर दिया बल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से टेलीफोन पर बात की है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने बातचीत से यूक्रेन संकट के हल पर बल दिया।

नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत में पुतिन की भारत यात्रा के दौरान लिए गए फैसलों पर कितना काम हुआ इसकी समीक्षा की गई। पुतिन दिसंबर 2021 में भारत आए थे। दोनों नेताओं ने कृषि वस्तुओं, उर्वरकों और फार्मा उत्पादों में द्विपक्षीय व्यापार को और कैसे प्रोत्साहित किया जा सकता है इस पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

नियमित बातचीत जारी रखने पर बनी सहमति 
दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा और खाद्य बाजारों की स्थिति पर भी चर्चा की। यूक्रेन में चल रही लड़ाई के मुद्दे पर भी मोदी और पुतिन ने बात की। नरेंद्र मोदी ने बातचीत और कूटनीति की मदद से समस्या के हल पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर नियमित बातचीत जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

28 समझौंतो पर लगी थी मुहर
बता दें कि दिसंबर 2021 में व्लादिमीर पुतिन भारत आए थे। इस दौरान रूस और भारत के बीच 28 समझौंतो पर मुहर लगी थी। इसमें कनेक्टिविटी, सैन्य सहयोग, ऊर्जा साझेदारी से लेकर अंतरिक्ष क्षेत्र में भागीदारी तक के मुद्दे शामिल हैं। भारत और रूस के बीच दशकों से अच्छे संबंध हैं। रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण किया तो अमेरिका और यूरोप के देशों ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए। भारत पर भी रूस के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में मतदान का दबाव था, लेकिन भारत ने तटस्थ रुख बनाए रखा। भारत ने शुरुआत से ही कहा है कि बातचीत से यूक्रेन संकट का समाधान होना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related