गोवा चुनाव : केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के बेटे को नहीं मिला टिकट, भाजपा ने छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

गोवा चुनाव : केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के बेटे को नहीं मिला टिकट, भाजपा ने छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

पणजी, भाजपा ने गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रीकर के बेटे उत्पल पर्रीकर को टिकट देने से इन्कार करने के बाद अब केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री श्रीपद नाइक के बेटे सिद्धेश को भी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया। भाजपा ने बुधवार को गोवा विधानसभा की छह सीटों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। सिद्धेश कुंभरजुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। पार्टी ने इस सीट से मौजूदा भाजपा विधायक पांडुरंग मडकाइकर की पत्नी जनिता मडकाइकर को टिकट दिया है।

भाजपा ने मौजूदा विधायक और राज्य विधानसभा के अध्यक्ष राजेश पाटनेकर को बिचोलिम, जोसेफ सिक्वेरा को कैलंगुट, एंटोनियो फनरंडिस को सेंट क्रूज, नारायण नाइक को कार्टालिम और एंथनी बारबोसा को कर्टोरिम सीट से उम्मीदवार बनाया है।

इससे पहले भाजपा ने 20 जनवरी को 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सैंकलिम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पहली सूची में छह मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया गया । पणजी सीट से उत्पल पर्रीकर को टिकट देने से इन्कार कर दिया गया था। इसके बाद उत्पल ने इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। गोवा की 40 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को चुनाव होने हैं।

कोविड प्रोटोकाल के उल्लंघन मामले में 20 गिरफ्तार

कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से चुनाव आयोग ने 31 जनवरी तक रैलियों और रोड शो पर प्रतिबंध लगा रखा है। इस बीच कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करवाने का आश्वासन देते हुए दक्षिण गोवा की जिलाधिकारी रुचिका कात्याल ने कहा कि कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन करने के मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग चुनाव प्रचार से जुड़ी गतिविधियों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। अब तक, उत्तरी गोवा में चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधियों में कोविड प्रोटोकाल के उल्लंघन के 11 मामले दर्ज किए गए हैं, वहीं दक्षिण गोवा में इस तरह के नौ मामले दर्ज किए गए हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related