गुजरात विधानसभा चुनाव 2022, गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है. इस लिस्ट में कुल 160 उम्मीदवार शामिल हैं. बीजेपी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को उनके निर्वाचन क्षेत्र घाटलोढ़िया से उम्मीदवार बनाया है और कई मौजूदा विधायकों के टिकट भी काटे हैं. पिछले विधानसभा चुनाव में पाटीदार आंदोलन का चेहरा रहे हार्दिक पटेल और क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी टिकट दिया गया है.कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए हार्दिक पटेल को वीरमगाम से और रिवाबा जडेजा को जामनगर उत्तर से उम्मीदवार बनाया गया है.
38 मौजूदा विधायकों का कटा टिकट
सूची जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी ने 38 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिये हैं. यानी उनकी जगह नए चेहरों को जगह मिली है. जिसमें हार्दिक पटेल जैसे दल बदलू नेता भी शामिल हैं.
ज्यादातर सीटों पर मौजूदा विधायकों की सहमति से ही अन्य उम्मीदवार को उतारा गया है. पार्टी ने एक दिसंबर को पहले चरण की 89 सीटों के लिए 84 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं तथा पांच दिसंबर को दूसरे चरण के चुनाव वाली 93 सीटों में से 76 पर उम्मीदवारों की घोषणा की है.




