आखिर कौन हैं आजम खान के गढ़ में सपा को हराने वाले घनश्याम लोधी, बीजेपी से लड़ते ही पलट दी बाजी

आखिर कौन हैं आजम खान के गढ़ में सपा को हराने वाले घनश्याम लोधी, बीजेपी से लड़ते ही पलट दी बाजी

Rampur By Election Result 2022: रामपुर लोकसभा सीट में हुए उपचुनाव में बीजेपी ने इस बार आजम खान के गढ़ में सेंध लगा दी है। इस सीट से बीजेपी के उम्मीदवार घनश्याम सिंह लोधी ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी असीम रजा को 42 हजार वोटों से हरा दिया। बता दें कि ये दोनों ही उम्मीदवार कभी आजम खान के बेहद करीबी रहे हैं। हालांकि, बाद में घनश्याम लोधी और आजम खान के बीच दूरियां बढ़ गईं और उन्होंने 2022 में बीजेपी का दामन थाम लिया।

आखिर कौन हैं घनश्याम लोधी?
सपा को उसके ही गढ़ में हराने वाले घनश्याम लोधी ने आजम खान का शागिर्द बनकर सियासत में कदम रखा था। लेकिन जिस रामपुर में पिछले कई सालों से आजम खान और सपा का तूती बोलती थी, वहीं पर घनश्याम सिंह लोधी ने सपा का घमंड तोड़ दिया। घनश्याम सिंह 1992 से 1998 तक भाजपा की युवा शाखा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

ऐसा रहा घनश्याम लोधी का राजनीतिक सफर : 
घनश्याम लोधी ने 1999 में भाजपा छोड़ दी और बहुजन समाज पार्टी में आ गए। करीब 5 साल तक बसपा में रहने के बाद वो 2004 में इसे छोड़ राष्ट्रीय क्रांति पार्टी में शामिल हो गए। इसके बाद 5 साल तक इसमें रहे और फिर 2009 में वापस बहुजन समाज पार्टी में चले गए।

2010 में थामा आजम खान की सपा का हाथ : 
घनश्याम सिंह लोधी अपने करियर के दौरान कई पार्टियों में रहे। घनश्याम सिंह लोधी ने 2010 में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली और आजम खान के बेहद करीबी बन गए। यहां तक कि 2016 में घनश्याम सिंह लोधी को स्थानीय निकाय से विधान परिषद भेजने के लिए आजम खान ने ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। हालांकि, बदलते वक्त के साथ घनश्याम लोधी और आजम खान में दूरियां बढ़ने लगीं।

2022 में लोधी ने थाम लिया बीजेपी का दामन : 
आजम खान से बढ़ती दूरियों के चलते घनश्याम लोधी ने 2022 में बीजेपी का दामन थाम लिया। बाद में बीजेपी ने यूपी की रामपुर सीट के लिए होनेवाले उपचुनाव में घनश्याम लोधी को मैदान में उतार दिया। बीजेपी ने जिस भरोसे के साथ लोधी को उतारा वो उस पर खरे भी उतरे और सपा के प्रत्याशी आसिम रजा को करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही उन्होंने आजम खान के गढ़ रामपुर में उनका वर्चस्व भी तोड़ दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related