यूपी में दूसरी सीमा हैदर! निकाह के बाद नेपाल होकर अमरोहा पहुँची बांग्लादेशी रीना बेगम, IB कर रही पूछताछ

अमरोहा में एक बार फिर सीमा हैदर जैसी कहानी सामने आई है। मंडी धनौरा इलाके में रह रही बांग्लादेशी महिला रीना बेगम और उसके पति राशिद अली को पुलिस ने गुरुवार को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, खुफिया विभाग ने दोनों से कई घंटे पूछताछ की, जिसमें निकाह से जुड़ी दस्तावेज भी बरामद हुए।

नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई थी महिला

पूछताछ में दंपति ने बताया कि कुछ साल पहले दोनों की मुलाकात सऊदी अरब में हुई, वहीं दोनों ने निकाह भी किया। इसके बाद अक्टूबर 2025 में रीना नेपाल के रास्ते भारत आई और राशिद के साथ अमरोहा में रहने लगी। पुलिस ने रीना पर विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि राशिद पर अवैध शरण देने का आरोप लगा है।

सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को गुरुवार दोपहर जानकारी मिली थी कि मोहल्ला कटरा के सुनहरी मस्जिद के पास रहने वाला राशिद अली दो महीने पहले एक विदेशी महिला को घर लाया है। सूचना मिलते ही पुलिस दोनों को थाने ले आई और मामले की जानकारी खुफिया एजेंसी को दी गई। इसके बाद IB टीम ने दोनों से विस्तृत पूछताछ की।

पहचान छुपाने की कोशिश, लेकिन खुल गई पोल

पूछताछ के दौरान रीना बेगम ने खुद को पश्चिम बंगाल का निवासी बताकर एजेंसियों को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन जांच में पता चला कि वह ढाका के गाजीपुर जिले की रहने वाली है और बांग्लादेश की नागरिक है।

राज्य सरकार के आदेश पर यूपी पुलिस अवैध घुसपैठ के खिलाफ ‘ऑपरेशन टॉर्च’ चला रही है, जिसके तहत कई जिलों में लगातार कार्रवाई हो रही है और यह मामला भी उसी कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है।

Share post:

Popular

More like this
Related