कोलकाता, 10 अप्रैल 2021

पश्चिम बंगाल में चौथे चरण की वोटिंग के दौरान कूचबिहार में बड़ी घटना सामने आई हैं। जिले की सीतलकुची में बूथ संख्या-126 के बाहर हुए बवाल में चार लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। फायरिंग में 3 और आम लोगों के गंभीर घायल होने की भी खबर है। टीएमसी के बाद अब बीजेपी भी चुनाव आयोग के पास शिकायत करने पहुंचा है। सीतलकुची में 2 अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत को लेकर भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मुलाकात की है।

इधर, ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह आज की घटना के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार हैं और वे खुद साजिशकर्ता हैं। मैं केंद्रीय बलों को दोष नहीं देती क्योंकि वे गृह मंत्री के आदेश के तहत काम करते हैं। वहीं घटना की जानकारी देते हुए कूचबिहार के एसपी ने बताया कि एक आदमी की तबीयत खराब हुई और वो बेहोश हो गया, बूथ के सामने उसका इलाज चल रहा था। उस समय अफवाह फैल गई कि CISF ने उसे मारापीटा है। गांव के 300-350 लोगों ने CISF कर्मी पर हमला किया, राइफल ​छीनने और बूथ में घुसने की कोशिश के दौरान CISF ने फायरिंग की।