
कोलकाता, 24 अप्रैल 2021
कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब सूनामी बनकर देश पर अपना कहर ढा रही है। रोजाना संक्रमण के बनते नए रिकॉर्ड के बीच पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए बाकी बचे दो चरणों के मतदान कराना भारतीय चुनाव आयोग के लिए अब मुश्किल हो गया है। इसी संदर्भ में आज (शनिवार) सीईसी सुशील चंद्र और चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग ने आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
मालूम हो कि पश्चिम बंगाल में इस बार आठ चरणों में मतदान हो रहा है जिसमें से छह फेज की वोटिंग पूरी हो गई है। 2 मई को पांच राज्यों में एक साथ चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। विधानसभा चुनाव के बीच कोरोना का बढ़ता प्रकोप अब चुनाव आयोग की परेशानी का कारण बन गया है। इसी दिशा में शनिवार को कोलकाता में एक महत्वपूर्ण बैठक की गई जिसमें सातवें और आठवें चरण की वोटिंग में मतदाताओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। हाल ही में सीईओ सुशील चंद्र पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे हैं।
इस बैठक में CEC सुशील चंद्र और चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के अलावा मुख्य सचिव, ACS (गृह), सचिव (आपदा प्रबंधन), सचिव (स्वास्थ्य), DGP, CP कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पिछले 6 चरणों में मतदान केंद्रों पर कोविड की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किए गए अच्छे कार्यों की सराहना करते हुए, ईसी ने निर्देश दिया कि कोरोना के अनुरूप व्यवहार और उल्लंघनों के खिलाफ नियमित निगरानी प्राधिकरण द्वारा की जानी चाहिए।







