
देहरादून, 28 नवंबर 2021
विधानसभा के शीतकालीन सत्र आयोजन की तिथि फाइनल नहीं हो पा रही है। विधानसभा की ओर से सत्र 9, 10 दिसम्बर को करने की तैयारी थी लेकिन अब इस तिथि के और पीछे खिसकने की आशंका है। सूत्रों के अनुसार विद्यायी विभाग की ओर से सत्र के संदर्भ में नया प्रस्ताव तैयार कर रहा है। प्रस्ताव के अनुसार सत्र की तिथियां 13 और 14 दिसम्बर हो सकती हैं। हालांकि सत्र को लेकर अंतिम फैसला राज्य सरकार को लेना है।
विदित है कि सरकार ने पहले शीलकालीन सत्र 27 और 28 नवम्बर को गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया था। लेकिन बाद में सरकार इस तिथि पर सत्र कराने से पीछे हट गई। इस तिथि पर सत्र न होने पर विधानसभा अध्यक्ष 7 और 8 नवम्बर को सत्र कराने का ऐलान कर दिया था। लेकिन सरकार की ओर से इस तिथि पर मुहर नहीं लगाई गई। सत्र के आयोजन की तिथि एक बार फिर बदली और फिर 9 और 10 दिसम्बर को सत्र आयोजित किए जाने की चर्चा चली।
लेकिन अब एक बार फिर सत्र की तिथि बदलने की चर्चाएं चल रही हैं। सूत्रों ने बताया कि विद्यायी विभाग 13 और 14 जनवरी को सत्र आयोजित कराने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। सूत्रों के अनुसार सत्र अब गैरसैंण की बजाए दून में ही आयोजित किए जाने की तैयार है। हालांकि इस संदर्भ में अभी अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। सत्र यदि होता है तो उस दौरान आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में एक दिन की विशेष चर्चा भी कराई जा सकती है।







