देहरादून, 13 सितम्बर 2021

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सैन्यधाम निर्माण के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। सोमवार को सीएम कैंप आफिस आयेाजित उच्च स्तरीय बैठक में सीएम ने सैन्यधाम और शहीद सम्मान यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने कहा कि सैन्यधाम भव्य एवं दिव्य बनाया जायेगा।

अधिकारी इसके निर्माण को नया रूप देने के लिए दूसरे राज्यों के शहीद स्मारकों का भी भ्रमण करें। सैन्यधाम का स्वरूप ऐसा होगा कि यह राष्ट्रभक्ति एवं सैनिकों के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक के रूप में स्थापित हो। अक्टूबर में प्रस्तावित शहीद सम्मान यात्रा का रूट चार्ट भी जल्द तैयार करने को कहा। सीएम ने कहा कि उत्तराखण्ड सैनिक बहुल प्रदेश है।

हमारे जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व दिया। शहीदों के सम्मान में यह भव्य आयोजन होगा। इस कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए जन सहयोग लिया जायेगा। किसी भी आयोजन को सफल बनाने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बैठक में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, डीएम- देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार आदि भी मौजूद रहे।