हल्द्वानी, 3 नवंबर 2021

उत्तराखंड में अब कोरोना का टीका घर-घर पहुंचेगा। 15 दिसंबर तक राज्य में शत-प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगा दी जाएंगी। अब तक 50 फीसदी लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं। राज्य ने अब तक 1.13 करोड़ डोज लगाने का रिकॉर्ड कायम कर देश में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य में अबतक 74,78,017 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा ली है।

दूसरी डोज लगाने वालों की संख्या 38,98,342 तक पहुंच चुकी है। राज्य में अब तक शत-प्रतिशत लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा ली है। जबकि 50 फीसदी से अधिक लोग दोनों डोज लगवा चुके हैं। इस प्रकार राज्य ने अब तक लोगों को 1.13 करोड़ डोज लगाने का रिकॉर्ड कायम किया है। जिस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य को बेहतर कोरोना वैक्सीनेशन के लिए बधाई दी है।

स्वास्थ्य मंत्री रावत ने बताया कि राज्य में कोरोना वैक्सीनेशन का उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य में 15 दिसंबर तक शत-प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगा दी जाएंगी। जिसके लिए पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब घर-घर जाकर लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाएंगी।

कोरोना वैक्सीनेशन के क्षेत्र में उत्तराखंड ने उल्लेखनीय कार्य किया है। राज्य ने कम समय में 1.13 करोड़ डोज वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनाया है। 15 दिसंबर तक राज्य शत-प्रतिशत दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर रिकॉर्ड कायम करेगा।