
हरिद्वार, 16 सितम्बर 2021
पैरा ओलंपिक में इस बार भारतीय दिव्यांग खिलाड़ियों ने देश का लोहा मनवाया. खिलाड़ियों ने पैरालंपिक में 19 पदक अपने नाम किए, जिससे साफ जाहिर होता है कि अगर दिव्यांग खिलाड़ियों को संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वह भी बाकी खेलों की तरह पैरा खेलों में देश का नाम रोशन कर सकते हैं. ऋषिकेश की दिव्यांग पैरा खिलाड़ी नीरजा गोयल ने अन्य दिव्यांगों की मदद का बीड़ा उठाया है.
नीरजा गोयल बैडमिंटन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पैरा खेलों की कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं. साथ ही कई पुरस्कार और पदक भी अपने नाम कर चुकी हैं. उन्होंने कहा कि वह पिछले कई साल से ऋषिकेश में पैरा खिलाड़ियों के लिए एक जगह की मांग की जा रही है, जहां दिव्यांग खिलाड़ी खेलों की तैयारी कर सकें.
जिसके बाद खिलाड़ी पैरा ओलंपिक के लिए भी तैयार हो सकें. उन्होंने आगे कहा कि इसके लिए वह मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, खेल मंत्रालय और नगर निगम से भी गुहार लगा चुकी हैं लेकिन अब तक किसी ने भी दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कोई मदद नहीं की है.







