हरिद्वार, 29 मार्च 2021

1 अप्रैल से देवभूमि उत्तराखंड में कुंभ का मेला शुरू होने जा रहा है। हरिद्वार में 1 अप्रैल से शुरू होने वाला कुंभ 30 अप्रैल तक चलेगा। ऐसे में मेले को शुरू होने में सिर्फ चार दिन बचे हैं। इधर, जिले में कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले तीन दिनों में यहां 150 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं।

हालांकि मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट साथ लानी होगी, जिससे जिले में बाहर से आने वाले कोरोना संक्रमण को रोका जा सकता है। ऐसे में मेले में आने वाले भक्तों को कोरोना से सुरक्षित रखना और जिले में संक्रमण को काबू करना स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।

देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर गौर करें तो 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगातार केस सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र, पंजाब और गुजरात में कोरोना की स्थिति भयावह बनी हुई है। देशभर से हरिद्वार में कुंभ मेले में स्नान के लिए श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में संभावित कोरोना के खतरे को महसूस करते हुए हाईकोर्ट ने श्रद्धालुओं को 72 घंटे तक की RT-PCR कोरोना रिपोर्ट या वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट साथ लेकर आने का आदेश जारी किया है।

सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश को लागू करते हुए बाहरी कोरोना संक्रमण से कुंभनगरी हरिद्वार को सुरक्षित रखने के लिए व्यवस्था की है। प्रदेश से बाहर के जो राज्य और शहर हाई रिस्क वाले है, उन राज्यों को चिह्नित किया जाएगा और वहां से आने वाले लोगों को बिना कोरोना रिपोर्ट के एंट्री की अनुमति नहीं दी जाएगी।