
नोएडा, 4 नवंबर 2021
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केदारनाथ यात्रा पर जाएंगे. यहां वे मंदाकिनी आस्थापथ, संगम घाट, फर्स्ट एड और पर्यटन केंद्र, अस्पताल और पुलिस थाने, कमांड व कंट्रोल सेंटर, रेन शेल्टर, प्रशासनिक कार्यालय और सरस्वती नागरिक सुविधा भवन जैसे 180 करोड़ रुपये के कई निर्माण कार्यों के लिए मोदी शिलान्यास भी करेंगे. इसके अलावा पीएम मोदी यहां श्री आदि शंकराचार्य की मूर्ति का अनावरण और समाधि स्थल का लोकार्पण करेंगे. केदारनाथ में प्रधानमंत्री तकरीबन 4 घंटे रुकेंगे.
तय कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार की सुबह 7:45 मिनट पर केदारनाथ पहुंच जाएंगे. यहां सुबह 8 बजे केदारनाथ मंदिर में भगवान शिव का दर्शन करने के बाद वे यहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेंगे. इसके बाद सुबह 8:30 बजे वे आदि शंकराचार्य की मूर्ति का अनावरण करेंगे. आपको बता दें कि साल 2013 में आई बाढ़ में शंकराचार्य की समाधि को नुकसान पहुंचा था. प्रधानमंत्री सुबह 9 बजे केदारनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करेंगे और वहां चल रहे विकास कार्यों का मुआयना करेंगे. 9 बजकर 30 मिनट पर वे सीएम पुष्कर सिंह धामी और अफसरों के साथ कुछ देर की बातचीत करेंगे और 10 बजे वहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. तय कार्यक्रम के मुताबिक, पीएम मोदी 11 बजे केदारनाथ से लौट जाएंगे.
साधु-संत होंगे मौजूद
बताया जा रहा है कि पीएम मोदी की इस यात्रा को खास बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने देश भर के साधु और संतों को आमंत्रित किया है. पीएम मोदी की यह यात्रा केदारपुरी में चल रहे विकास कार्यों का प्रथम चरण के पूरा होने और दूसरे चरण की शुरुआत होने के मौके पर हो रही है. यह भी ध्यान दिला दें कि उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. बता दें कि यहां 116 करोड़ रुपये की लागत वाली 13 परियोजनाओं फिलहाल पर काम चल रहा है. संगम घाट पर 15.48 करोड़ रुपये से पुनर्विकास का काम और 4.82 करोड़ में एक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र का निर्माण इनमें मुख्य है.







