
देहरादून, 15 अक्टूबर 2021
उत्तराखंड में इस बार देर से शुरू हुई चार धाम यात्रा दीवाली के बाद बंद हो जाएगी. यमुनोत्री और केदारनाथ धाम 6 नवंबर और गंगोत्री को 5 नवंबर से बंद कर दिया जाएगा. ठंड शुरू होने के साथ ही यात्रा बंद कर दी जाती है. बद्रीनाथ धाम के बंद किए जाने की तारीख की घोषणा आज शुक्रवार को हो सकती है. उत्तराखंड देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ के मुताबिक परंपरागत तरीके से दशहरे के अवसर पर ही यात्रा के बंद किए जाने के बारे में सूचना जारी की जाती है.
ठंड के मौसम के चलते तीर्थों के बंद होने के साथ ही, उत्तराखंड की वार्षिक चार धाम यात्रा संपन्न हो जाएगी. इस साल कोविड की दूसरी लहर के प्रकोप और तीसरी लहर की आशंकाओं के चलते जून की जगह सितंबर में यात्रा शुरू हो पाई थी. 18 सितंबर को शुरू हुई यात्रा को पहले सीमित संख्या में यात्रियों के लिए खोला गया और 6 अक्टूबर को हाई कोर्ट ने यात्रियों की संख्या पर लगाई पाबंदी हटाई थी.
कब बंद होंगे कपाट?
30 अक्टूबर को बंद होंगे तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट
1 नवम्बर को तुंगनाथ की उत्सव डोली पहुचेगी मक्कूमठ
6 नवम्बर को भैयादूज के दिन बंद होंगे बाबा केदार के कपाट
22 नवम्बर को बंद होंगे द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम के कपाट
25 नवम्बर को मदमहेश्वर की उत्सव डोली पहुचेगी ओंकारेश्वर मंदिर
इस यात्रा को दीवाली के आसपास बंद कर दिया जाता है क्योंकि बर्फबारी के चलते चारों धामों में मौसम ठंडा और कठिन हो जाता है. इन धामों के पहुंच मार्ग बर्फ के कारण ठप हो जाते हैं. यात्रा के देर से शुरू होने और यात्रियों की संख्या के तीन हफ्तों तक सीमित रहने के चलते इस साल चार धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंचा. अभी करीब तीन हफ्तों के लिए यात्रा और खुली रहेगी लिहाजा तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है.







