देहरादून, 16 सितम्बर 2021

उत्तराखंड चुनावी माहौल में सभी सियासी पार्टियां जनमत के लिए अपने स्तर पर मुहिम छेड़ रही हैं. इसी सिलसिले में आम आदमी पार्टी ने पहल करते हुए उत्तराखंड में ‘सेल्फी विद टेंपल’ मुहिम शुरू कर दी है. देवभूमि कहे जाने वाले राज्य में हाल में इस मुहिम के शुरू होने के बाद से अब तक करीब 25 हज़ार लोगों के जुड़ जाने का दावा भी आप ने किया. इस अभियान के तहत पार्टी ने लोगों से अपील की है कि वह राज्य स्थित अपने विशेष लगाव वाले किसी मंदिर के सामने सेल्फी खींचकर पोस्ट करने को कहा है, जिसकी मौजूदा हालत में सुधार की ज़रूरत हो. यही नहीं, ऐसे मंदिर की स्थिति सुधारने को लेकर आप ने लोगों से उनकी राय भी मांगी है.

आम आदमी पार्टी के नेता नवीन पिरशाली के हवाले से खबरों में कहा गया कि इस मुहिम के साथ सिर्फ चार दिनों में 22,976 लोग जुड़े, जिन्होंने अपने सुझाव देकर बताया कि राज्य के किस मंदिर की स्थिति को किस तरह बेहतर किया जा सकता है. पिरशाली ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को देश की आध्यात्मिक राजधानी बनाए जाने के संबंध में आप ने सफलतापूर्वक वेबसाइट लॉंच की, जिसके माध्यम से यह मुहिम चल रही

वास्तव में, इस अभियान के दो मकसद बताए गए हैं. आप का दावा है कि लोगों के सुझावों से राज्य के मंदिरों को विश्व पटल पर पर्यटन के नक्शे और पहचान के लिहाज़ से बेहतर करने में मदद मिलेगी. दूसरी ओर, चर्चा यह भी ​है कि देवभूमि में चुनाव जीतने के लिए लोगों की धार्मिक भावना के साथ जुड़ाव के लिहाज़ से आप का यह अभियान मील का पत्थर भी साबित हो सकता है. विपक्षियों के इस तरह के हमले पर भी आप ने निशाना साधते हुए साफ कहा कि लोग इस मुहिम के साथ हैं और विपक्षियों को तकलीफ किस बात की है अगर आप ने उत्तराखंड को हिंदू आस्था की राजधानी बनाने का मिशन शुरू किया है.