जौनपुर, 19 सितम्बर 2021

उत्तर प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। वह कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले के नवनिर्मित मेडिकल कालेज में नवम्बर माह से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पखवारे के अंदर सिटी स्टेशन के पास रेलवे क्रासिंग पर बने ओवर ब्रिज का लोकार्पण हो जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि योगी राज में साढ़े चार साल में उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त हो गया।

उन्होंने कहा कि 68 साल में सरकारों ने प्रदेश में विकास को गति नहीं दिया। योगी सरकार ने साढ़े चार साल में विकास की गंगा बहा दी है। कोरोना काल में 16 सौ गरीबों को नि:शुल्क राशन मुहैया कराया गया। केन्द्र और प्रदेश सरकार ने महीने में दो बार राशन वितरित किया। योगी सरकार में प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है।

185 अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया तथा 630 पर रासुका लगाई गई है। साढ़े चार साल में यूपी माफिया मुक्त हुआ।। वार्ता के पश्चात वह मुंगराबादशाहपुर स्थित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने चले गए। इस मौके पर राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव, राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह व रामविलास पाल, विधायक दिनेश चौधरी, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डा.संजय कुमार अन्य रहे।