
लखनऊ, 20 अगस्त 2021
अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद उपजे हालातों के बीच प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि तालिबान का समर्थन करने वाले भारत छोड़कर अफगानिस्तान चले जाएं। उन्होंने कहा कि भारत में तालिबान और पाकिस्तान का गुणगान करने वालों को स्वीकार नहीं किया जाएगा, ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई होगी। हमीरपुर में 684 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने पहुंचे डिप्टी सीएम ने मीडिया से बात करते हुए दो टूक कहा, अफगानिस्तान में जो भी हालात पैदा हुए हैं, उस पर केंद्र सरकार की नजर है। सरकार वहां फंसे भारतीयों को सकुशल वापस लेकर आएगी। भारत हर परिस्थिति का सामना करने में सक्षम है। प्रदेश में कुछ नेताओं के तालिबान समर्थन संबंधित बयानों पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे व्यक्ति किसी भी दल में हों वह भारत विरोधी हैं। जिन्हें तालिबानियों का शासन पसंद है वे तुरंत भारत छोड़कर अफगानिस्तान चले जाएं।
माफिया के बल पर राजनीति नहीं चलेगी
पुलिस परेड ग्राउण्ड में शिलान्यास व लोकार्पण के दौरान डिप्टी सीएम ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए विकास विरोधी ठहराया। उन्होंने कहा कि पहले ठेकेदार और अधिकारी मिलकर विकास का पैसा खा जाते थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब माफिया के बल पर राजनीति नहीं चलेगी। योगी सरकार का माफिया और गुंडागर्दी पर प्रहार जारी रहेगा।







