प्रयागराज, 5 नवंबर 2021

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य प्रमोद तिवारी ने केदारनाथ में जनसभा किए जाने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि यह पूरे देश और दुनिया को पता है कि पूजास्थलों को राजनीति से दूर रखना चाहिए. क्योंकि धार्मिकस्थलों पर प्रार्थना और इबादत की जाती है.

इसके साथ ही साथ प्रमोद तिवारी ने कहा कि चार धामों में एक धाम केदारनाथ में जिस तरह से राजनीतिक भाषा बोली गई, यह शोभा नहीं देती है. कांग्रेस नेता ने कहा कि केदारनाथ धाम एक तीर्थस्थल है और हिंदुओं की आस्था का केंद्र भी है. उन्होंने कहा है कि केदारनाथ में राजनीतिक भाषण दिया जाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि ऐसी बातों से पार्टी को बाबा केदारनाथ के गुस्से का शिकार होना पड़ेगा.

गौरतलब है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचे थे. जहां पर उन्होंने 2013 में आई त्रासदी के बाद हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों के पूरे होने पर लोकार्पण किया है. इसके साथ आदि गुरु शंकराचार्य के समाधिस्थल का भी लोकार्पण किया है और आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा का भी उन्होंने अनावरण किया है. इस मौके पर उन्होंने केदारनाथ बाबा की पूजा-अर्चना की है और वहां से देशवासियों को संबोधित भी किया है.