उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार को 28 IPS अधिकारियों के तबादले कर दिए गए। इस बदलाव में चार पुलिस कमिश्नर और दो जिलों के SSP भी शामिल हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है।
वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में ADG स्थापना बनाया गया है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ अब नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। इसके अलावा अयोध्या और मुरादाबाद के SSP की भी अदला-बदली की गई है। इस प्रशासनिक बदलाव में कई DIG, ADG और अन्य IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
चार पुलिस कमिश्नरों की बदली जिम्मेदारी

योगी सरकार के इस फेरबदल में चार बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नरों को नई तैनाती दी गई है।
मोहित अग्रवाल: वाराणसी से प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर बनाए गए।
लक्ष्मी सिंह: नोएडा से गाजियाबाद की पुलिस कमिश्नर बनाई गईं।
पीयूष मोर्डिया: प्रयागराज से लखनऊ में ADG स्थापना बनाए गए।
जे. रविंदर गौड़: गाजियाबाद से नोएडा के पुलिस कमिश्नर बनाए गए।
लक्ष्मी सिंह गौतमबुद्धनगर यानी नोएडा में पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात थीं। वह बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह की पत्नी हैं। नई तैनाती के तहत अब उन्हें गाजियाबाद की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया

लखनऊ में IG के पद पर तैनात किरण एस. को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे की चोरी के मामले की जांच के लिए बनाई गई SIT के प्रमुख भी रह चुके हैं।
इसके अलावा ADG स्तर पर भी बदलाव किया गया है।
बरेली के ADG रमित शर्मा को लखनऊ जोन का ADG बनाया गया है।
लखनऊ के ADG प्रवीण कुमार को बरेली जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
इस बदलाव के साथ दोनों अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं।
अयोध्या और मुरादाबाद के SSP बदले

योगी सरकार ने अयोध्या और मुरादाबाद में भी पुलिस नेतृत्व में बदलाव किया है।
अयोध्या के SSP गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद भेजा गया है, जबकि मुरादाबाद के SSP सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा DIG स्तर पर भी कई अधिकारियों के तबादले हुए हैं।
अलीगढ़ के DIG प्रभाकर चौधरी को लखनऊ का DIG बनाया गया।
सहारनपुर में तैनात अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र का DIG बनाया गया।
आगरा परिक्षेत्र के DIG शैलेष कुमार पांडेय को अलीगढ़ भेजा गया।
DIG टेक्निकल सर्विसेज आशीष तिवारी को सहारनपुर का DIG बनाया गया।
नोएडा की DCP सुनीति का लखनऊ तबादला

गौतमबुद्धनगर में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात सुनीति को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें लखनऊ में DGP मुख्यालय पर SP बनाया गया है।
इसके अलावा PAC और दूसरी इकाइयों में तैनात कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
बरेली में PAC सेनानायक आकाश तोमर को मुरादाबाद स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी का SP बनाया गया।
मुरादाबाद में PAC सेनानायक अमित कुमार प्रथम को लखनऊ में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) का SP बनाया गया।
आगरा में PAC सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह को सीतापुर PTC का SP बनाया गया।
वाराणसी में PAC सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को लखनऊ में कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं का SP बनाया गया।
PAC और अन्य विभागों में भी हुए तबादले
पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारियों को भी नई जगह भेजा गया है।
गोंडा में PAC सेनानायक त्रिभुवन सिंह को GRP मुख्यालय लखनऊ का SP बनाया गया।
प्रयागराज में PAC सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ का SP बनाया गया।
आजमगढ़ में PAC सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को गोरखपुर PTS का SP बनाया गया।
झांसी में PAC सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन का SP बनाया गया।
कानपुर और प्रयागराज के DCP की भी अदला-बदली

शहरों में तैनात पुलिस उपायुक्तों के स्तर पर भी बदलाव किया गया है। कानपुर नगर के DCP दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज भेजा गया है। वहीं, प्रयागराज के DCP कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
गौतमबुद्धनगर में DCP के पद पर तैनात प्रीति यादव को आगरा PAC का सेनानायक बनाया गया है।
तीन अधिकारियों के पुराने तबादले रद्द, नई जिम्मेदारी मिली
इस फेरबदल में तीन IPS अधिकारियों के हाल ही में जारी किए गए तबादला आदेश भी बदल दिए गए हैं।
पुनीत द्विवेदी की लखनऊ में दो दिन पहले हुई तैनाती रद्द कर उन्हें गाजियाबाद का अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
गौतमबुद्धनगर भेजी गईं नीतू का तबादला रद्द कर उन्हें लखनऊ का अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
अमित कुमावत का गाजियाबाद तबादला निरस्त कर उन्हें आगरा का अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
पुलिस महकमे में बड़े बदलाव के क्या मायने?
उत्तर प्रदेश में 28 IPS अधिकारियों के एक साथ तबादले को पुलिस प्रशासन में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। खास तौर पर प्रयागराज, वाराणसी, नोएडा और गाजियाबाद जैसे महत्वपूर्ण शहरों में पुलिस कमिश्नरों की नई तैनाती पर सबकी नजर रहेगी।
इसके अलावा लखनऊ, बरेली, अयोध्या और मुरादाबाद में भी नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। अब देखना होगा कि नई तैनाती के बाद इन शहरों में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं।




